रिलायंस धीरे-धीरे पकड़ रहा फ्यूचर के स्टोर की डोर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 6:27 PM IST

रिलायंस रिटेल इसी साल फ्यूचर समूह से लिए गए स्टोर दोबारा शुरू करने में लगी हुई है। कंपनी ने इस साल फरवरी के अंत में फ्यूचर समूह के 947 स्टोरों को अपने कब्जे में लेने के बाद 45 दिन में फिर शुरू करने की योजना बनाई थी। मगर यह काम कुछ धीमी रफ्तार से हो रहा है।
कंपनी ने कुछ स्टोर स्मार्ट बाजार नाम से शुरू किए हैं, जो रिलायंस रिटेल के किराना स्टोर हैं। अन्य ब्रांड फॉर्मैट वाले स्टोर बंद हैं क्योंकि रिलायंस अभी यह फैसला नहीं कर सकी है कि उनका कारोबार व्यावहारिक है या नहीं।
घटनाक्रम के जानकार सूत्रों के अनुसार रिलायंस रिटेल ने फ्यूचर समूह के स्टोरों का जायजा ले लिया है मगर अभी वह कुछ स्टोर बंद करने के बारे में फैसला ले रही है। इनमें वे स्टोर शामिल होंगे, जिनके जैसे रिलायंस के स्टोर पहले ही आसपास हैं। उदाहरण के लिए रिलायंस ट्रेंड्स और फ्यूचर समूह के सेंट्रल तथा एफबीबी यानी फैशन ऐट बिग बाजार कपड़े और लाइफस्टाइल फैशन सेगमेंट में कारोबार करते हैं। सूत्रों ने कहा कि रिलायंस समूह अपने कुछ स्टोरों का आकार छोटा कर सकता है और कुछ जगहों पर स्टोर बंद भी कर सकता है। फिलहाल कंपनी फ्यूचर समूह से लिए गए सभी स्टोरों का किराया दे रही है। मामले से वाकिफ एक सूत्र ने कहा कि रिलायंस ने स्टोरों की जांच-परख पूरी कर ली है और कुछ जगहों पर स्टोर छोटे किए जा सकते हैं क्योंकि सभी जगहों पर बड़े आकार के स्टोर की जरूरत शायद न हो। कपड़ों और फैशन के स्टोर की फ्यूचर फैशन ऐंड लाइफस्टाइल श्रृंखला और सेंट्रल के स्टोर का इस्तेमाल रिलायंस ट्रेंड्स के लिए शायद नहीं नहीं किया जाए क्योंकि ये छोटे आकार के स्टोर हैं।
सूत्र ने कहा कि रिलायंस फिलहाल इन स्टोरों में फ्रीजर और एस्केलेटर लगा रही है, जिसमें कुछ वक्त लग ही जाता है।   
सूत्र ने कहा कि रिलायंस रिटेल कुछ स्टोरों को पूरी तरह चला रही है। स्टोर में सभी उत्पाद लाने में समय लगेगा। एक अन्य सूत्र ने कहा कि स्टोर में फ्यूचर समूह और बैंकों का पुराना साजोसामान वापस कर दिया गया है या गोदामों में रख दिया गया है।
फरवरी में फ्यूचर समूह ने कहा था कि उसे कई स्टोरों का पट्टा रद्द करने का नोटिस मिला था। 9 मार्च को फ्यूचर रिटेल ने स्टॉक एक्सचेंज को बताया था कि उसे 947 स्टोरों के लिए ऐसे नोटिस मिले हैं, जिनमें 342 बिग बाजार और एफबीबी स्टोर हैं तथा 493 ईजीडे और हेरिटेज स्टोर जैसे छोटे आकार वाले स्टोर हैं। फ्यूचर लाइफस्टाइल फैशन ने भी स्टॉक एक्सचेंज को बताया था कि उसे 78 ब्रांड फैक्टरी स्टोर और 34 सेंट्रल स्टोर का पट्टा निलंबित करने का नोटिस मिला है। देश भर में फ्यूचर समूह के करीब 1,500 स्टोर हैं।
एक सूत्र ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को पहले बताया था कि दिसंबर 2020 में फ्यूचर समूह के स्टोरों को पट्टे पर जगह देने वाले मालिकों ने पट्टा निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की थी। उन्होंने कहा कि कई भू-मालिकों ने रिलायंस से संपर्क किया और उसके साथ पट्टा करार किया। इसके बाद इन स्टोरों को फ्यूचर समूह को उप-पट्टे पर दे दिया गया था। लेकिन फ्यूचर ने किराया नहीं चुकाया तो फरवरी से रिलायंस ने इन स्टोरों को अपने कब्जे में लेना शुरू कर दिया।

First Published : June 8, 2022 | 12:38 AM IST