रिलायंस जियो का लाभ बढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 5:21 PM IST

देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो इन्फोकॉम का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल से जून तिमाही में सालाना आधार पर करीब 24 फीसदी बढ़कर 4,335 करोड़ रुपये हो गया।
उद्योगपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली कंपनी रिलांयस जियो की परिचालन आय जून 2022 तिमाही में एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 21.5 फीसदी बढ़कर 21,873 करोड़ रुपये हो गई। पहली तिमाही में जियो के प्रदर्शन को दिसंबर 2021 में हुई शुल्क दरों में वृद्धि से बल मिला। साथ ही कंपनी के नेटवर्क पर सक्रिय उपयोगकर्ताओं की संख्या में भी सुधार हो रहा है।
जियो की पहली तिमाही का परिणाम ऐसे समय आया है जब दूरसंचार कंपनियां 5जी सेवाओं के लिये पूरी तरह से तैयार है। 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी 26 जुलाई को शुरू होगी। इसमें कम-से-कम 4.3 लाख करोड़ रुपये मूल्य के कुल 72 गीगाहर्ट्ज रेडियो तरंगों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। तिमाही के दौरान कंपनी का एकल शुद्ध लाभ 23.8 फीसदी बढ़कर 4,335 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले की समान अवधि में 3,501 करोड़ रुपये रहा था। क्रमिक आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ करीब 4 फीसदी बढ़कर 4,173 करोड़ रुपये हो गया।
तिमाही के दौरान जियो प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) बढ़कर 167.6 रुपये प्रति उपयोगकर्ता प्रति महीना हो गया। जून तिमाही के दौरान जियो का परिचालन मुनाफा मार्जिन एक साल पहले की समान तिमाही के मुकाबले बढ़कर 26.2 फीसदी हो गया।
जून 2022 तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा मार्जिन एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 40 आधार अंक बढ़कर 16.9 फीसदी हो गया।भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया ने जून 2022 तिमाही के लिए वित्तीय नतीजे अभी जारी नहीं किए हैं।

First Published : July 23, 2022 | 1:57 AM IST