रिलायंस का लाभ 46 फीसदी बढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 5:22 PM IST

तेल और दूरसंचार कारोबार से अच्छी आय के दम पर देश में निजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 46.3 फीसदी बढ़कर 17,955 करोड़ रुपये रहा। ईंधन की मांग बढ़ने और मार्जिन में सुधार से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 12,273 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था। हालांकि पिछले वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी को रिकॉर्ड 18,549 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था।
तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा 11 फीसदी बढ़ा है लेकिन विश्लेषकों के अनुमान से थोड़ा कम रहा है। कुल मिलाकर जनवरी-मार्च तिमाही को छोड दें तो रिलायंस का मुनाफा पिछली छह तिमाहियों से लगातार बढ़ रहा है।
मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज की आय अप्रैल-जून तिमाही में 54.54 फीसदी बढ़कर 2.23 लाख करोड़ रुपये रही। वित्त वर्ष 2022 की समान तिमाही में कंपनी की आय 1.44 लाख करोड़ रुपये रही थी। पिछले वित्त वर्ष में रिलायंस इंडस्ट्रीज की सकल आय 47 फीसदी बढ़कर 7.92 लाख करोड़ रुपये रही थी।
आरआईएल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, ‘भू-राजनीतिक तनाव के कारण ईंधन बाजार में व्यापक बदलाव आया है और पारंपरिक व्यापार के प्रवाह में बाधा आई है। हालांकि इसके साथ ही मांग में तेजी आई और मार्जिन में सुधार हुआ है। तमाम चुनौतियों के बावजूद कंपनी का पेट्रोलियम कारोबार का प्रदर्शन बेहतर रहा है।’
कंपनी का पट्रोलियम निर्यात आय अप्रैल-जून तिमाही में 71.3फीसदी बढ़कर 96,212 करोड़ रुपये रहा। हालांकि कंपनी ने रिफाइनिंग मार्जिन का खुलासा करना बंद कर दिया है लेकिन विश्लेषकों का अनुमान है कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का रिफाइनिंग मार्जिन 22 से 26 डॉलर प्रति बैरल हो सकता है। इससे पिछली तिमाही में रिफाइनिंग मार्जिन 12 डॉलर प्रति बैरल था।
समूह की दूरसंचार इकाई रिलायंस जियो इन्फोकॉम का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में सालाना आधार पर करीब 24 फीसदी बढ़कर 4,335 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी की परिचालन आय जून 2022 को समाप्त तिमाही में 21.5 फीसदी बढ़कर 21,873 करोड़ रुपये हो गई। जियो का पहली तिमाही का परिणाम तब आया है, जब दूरसंचार कंपनियां 5जी सेवाओं के लिये पूरी तरह से तैयार है। 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी 26 जुलाई को शुरू होगी। इसमें कम-से-कम 4.3 लाख करोड़ रुपये मूल्य की कुल 72 गीगाहर्ट्ज रेडियो तरंगें बिक्री के लिए रखी जाएंगी।
रिलायंस रिटेल का शुद्ध मुनाफा अप्रैल-जून तिमाही में 114.2 फीसदी बढ़कर 2,061 करोड़ रुपये रहा और एबिटा 97.7 फीसदी बढ़कर 3,837 करोड़ रुपये रही। रिलायंस रिटेल ने कहा कि यह अब तक की सबसे अच्छी तिमाही रही है और कंपनी की आय इस दौरान सालाना आधार पर 51.9 फीसदी बढ़कर 58,554 करोड़ रुपये रही। कंपनी ने कहा कि ग्राहकों का हौसला बढ़ा है और वे खरीदारी कर रहे हैं लेकिन बढ़ती महंगाई के कारण वे  हाथ बांधकर चल रहे हैं।
बीएसई पर आरआईएल का शेयर आज 0.62 फीसदी बढ़कर 2,502.90 रुपये पर बंद हुआ।

First Published : July 23, 2022 | 1:40 AM IST