कॉग्निजेंट में पुनर्गठन, राजेश नांबियार की जिम्मेदारी घटी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 5:42 PM IST

नैस्डैक सूचीबद्ध आईटी सेवा कंपनी कॉग्निजेंट ने हाल में दी जानकारी में कहा है कि उसके कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष (डिजिटल बिजनेस ऐंड टेक्नोलॉजी) एवं चेयरमैन राजेश नांबियार अब इन पदों पर कार्य नहीं करेंगे। यह बदलाव 6 जुलाई, 2022 से प्रभावी है। 
इस बदलाव के साथ, कंपनी में नांबियार का एक्जीक्यूटिव ऑफीसर का दर्जा समाप्त हो जाएगा।
नांबियार कॉग्निजेंट के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसीडेंट यानी कार्यकारी उपाध्यक्ष, चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के तौर पर अभी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
अपनी द्वारा मुहैया कराई गई जानकारी में कहा गया है कि यह बदलाव ‘प्रैक्टिस एरियाज और डिलिवरी परिचालन’ से संबंधित उसके आंतरिक परिचालन ढांचे को आसान बनाने के प्रयासों का हिस्सा था।  यह बदलाव ग्राहकों को उद्योग के अनुरूप व्यावसायिक परिणाम मुहैया कराने की दिशा में कंपनी की मौजूदा रणनीति का हिस्सा है। कॉग्निजेंट अपने डिजिटल बिजनेस ऐंड टेक्नोलॉजी (डीबीऐंडटी) और डिजिटल बिजनेस ऑपरेशंस (डीबीओ) प्रणाली का विलय कर रही है। इस बदलाव से चार नई एकीकृत प्रणालियां – सॉफ्टवेयर ऐंड प्लेटफॉर्म इंजीनियरिंग, कोर टेक्नोलॉजीज ऐंड इनसाइट्स, एंटरप्राइज प्लेटफॉर्म सर्विसेज, और इंट्यूटिव ऑपरेशंस ऐंड ऑटोमेशन के गठन पर जोर रहेगा। कंपनी ने कहा है, ‘इस बदलाव से कंपनी के महत्वपूर्ण सेगमेंट प्रभावित नहीं होंगे। इन बदलावों से कंपनी द्वारा ग्राहकों को बेहतर सेवा मुहैया कराए जाने और अतिरिक्त करियर विकास के लिए सहायकों के लिए अन्य अवसरों के सृजन के साथ मजबूत पेशकशें और क्षमताएं तैयार किए जाने की संभावना है।’
हालांकि नांबियार भारत में कंपनी की कमान संभालते रहेंगे, लेकिन इस बदलाव से उनकी जिम्मेदारियों में कमी आएगी। हालांकि कंपनी के अधिकारियों ने दावा किया है कि वह अभी सीधे तौर पर मुख्य कार्याधिकारी बायन हम्फ्रीज को रिपोर्ट करते हैं।
कंपनी हाल में सुर्खियों में रही है क्योंकि उसने वरिष्ठ अधिकारियों को प्रदर्शन के आधार पर जिम्मेदारी निभाने को कहा है। हाल में उसने घोषणा की कि उसने कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष (अमेरिका) ग्रेगरी हाइटेनरॉच को हटाया है।

First Published : July 8, 2022 | 12:35 AM IST