कैशबैक क्रेडिट कार्ड से ग्राहकों को लुभाएगी सैमसंग

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 2:55 PM IST

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स नए कैशबैक क्रेडिट कार्ड के जरिये भारत में अपने मौजूदा 17.5 करोड़ ग्राहकों की तरफ से दोबारा खरीदारी का लक्ष्य लेकर चल रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि भारत उसके लिए अहम बाजार है और यहां बिक्री बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है क्योंकि हम एक बार यहां अग्रणी स्मार्टफोन विक्रेता बन चुके हैं।
 भारत में त्योहारी सीजन की शुरुआत हो चुकी है, लिहाजा दक्षिण कोरिया की इलेक्ट्रॉनिक्स दिग्गज ने सोमवार को ऐक्सिस बैंक संग नया क्रेडिट कार्ड पेश किया, जिसमें पूरे साल ग्राहकों को सैमसंग के उत्पादों की खरीद पर 10 फीसदी कैशबैक मिलेगा।

 मोटे तौर पर छूट की ऐसी पेशकश ई-कॉमर्स वेबसाइट मसलन एमेजॉन डॉट कॉम इंक व अन्य स्टोर पर की जाती हैं और यह सिर्फ त्योहारी सीजन या सेल में ही होती है। सैमसंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (भारतीय मोबाइल कारोबार) राजू पल्लन ने रॉयटर्स से कहा, हम मौजूदा 17.5 करोड़ ग्राहकों की बात कर रहे हैं, जो भारत में सैमसंग के लिए हमारा मौजूदा व स्थापित आधार है।   सैमसंग का कहना है कि वह भारत की सबसे बड़ी उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स फर्म है, जो देश में स्मार्टफोन से लेकर वॉशिंग मशीन तक बेचती है। लेकिन साल 2020-21 के कुल भारतीय राजस्व  9.3 अरब डॉलर में स्मार्टफोन की हिस्सेदारी करीब 72 फीसदी रही है।

ग्राहकों को नए कार्ड के जरिये कैशबैक की पेशकश सैमसंग इसलिए कर रही है क्योंकि वह समय के साथ चीन की प्रतिस्पर्धी श्याओमी, ओप्पो व वीवो  के हाथों स्मार्टफोन की बाजार हिस्सेदारी गंवा चुकी है। ये कंपनियां दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मोबाइल फोन बाजार में कई सस्ते स्मार्टफोन की पेशकश करती है।

First Published : September 26, 2022 | 10:24 PM IST