सत्यम को भारतीय रिटेल में दिख रहा बाजार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 8:46 PM IST

देश की चौथी सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर निर्यातक कंपनी सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज रिटेल सॉल्यूशंस से अपना कारोबार बढ़ाने के लिए कोशिश कर रही है।


कंपनी फिलहाल परिधान और डिपार्टमेंटल स्टोर से जुड़े देश के आठ बड़े रिटेल दिग्गजों से बातचीत कर रही है। हरेक कंपनी का राजस्व 4,000 करोड़ रुपये सालाना से अधिक है।

तकरीबन छह साल पहले रिटेल और उपभोक्ता सामानों के लिए सॉल्यूशंस पेश करने वाली इस कंपनी को भारत में रिटेल के मैदान में जबरदस्त विकास की उम्मीद है। कंपनी को संगठित रिटेल से तगड़ी आस है। सत्यम के रिटेल कारोबार के प्रमुख गणेश शेखर ने बताया कि अगले 18 महीनों में इस कारोबार की रफ्तार तेज रहने वाली है।

रिटेल में उम्मीदें बहुत

उन्होंने कहा, ‘भारत में रिटेल बाजार का विकास हैरत में डालने वाला है। इस समय इस बाजार का आकार लगभग 840,000 करोड़ रुपये है और 23 फीसद की सालाना दर से बढ़ रहा है। संगठित रिटेल में भी पिछले पांच साल में 35 फीसद की दर से इजाफा हुआ है।

भारतीय बाजार से हमें बहुत उम्मीद हैं और इसमें मौजूद संभावनाओं को भुनाने के लिए हम विदेशी बाजारों के अपने तजुर्बे का पूरा इस्तेमाल करेंगे। हमें बड़ी और मझोली कंपनियों से कारोबार होने का यकीन है।’

बढ़ेगा आईटी पर खर्च

शेखर ने कहा कि संगठित रिटेल का क्षेत्र कीमतों पर ज्यादा ध्यान देता है और वहां वॉल्यूम यानी अधिक से अधिक माल खपाने पर ही मुनाफा होता है। लेकिन वहां भी अब परिपक्वता का स्तर बढ़ रहा है और प्रतिद्वंद्वियों से आगे जाने के लिए कंपनियां अब आईटी का इस्तेमाल करने पर जोर दे रही हैं। सत्यम को उम्मीद है कि रिटेल कपंनियों का आईटी पर खर्च तकरीबन 8,4000 करोड़ रुपये होगा।

सत्यम के रिटेल सॉल्यूशंस का उत्तर और दक्षिण अमरीका, अफ्रीका, एशिया प्रशांत, पश्चिम एशिया और ऑस्ट्रेलिया में बोलबाला है। इन क्षेत्रों में सत्यम के ऑस्ट्रेलिया की सुपरमार्केट कंपनी कोल्स, ब्रिटेन की रिटेल कंपनी टेस्को और अमेरिकी कंपनी टारगेट कॉर्पोरेशन समेत 60 से भी ज्यादा बड़े ग्राहक हैं। भारत में रिलायंस और शॉपर्स स्टॉप उसकी ग्राहकों की फेहरिस्त में  हैं।

चालू वित्त वर्ष के अंत तक कंपनी को भारत में दस और ग्राहक मिलने की उम्मीद है। शेखर के मुताबिक कंपनी को अगले दो साल में अपनी रिटेल आय का दस फीसद हिस्सा भारत से ही मिलने की उम्मीद है।

First Published : September 12, 2008 | 12:02 AM IST