गूगल के नए फीचर से सर्च, शॉपिंग आसान

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 2:40 PM IST

गूगल सर्च अब और अधिक स्वाभाविक और सहज होने जा रहा है। टेक्स, वॉयस और विजुअल के बाद इसने अपने फीचर में सुधार किया है।  हाल ही में हुए ‘सर्च ऑन 22’ कार्यक्रम में तकनीक दिग्गज ने सर्च के नए फीचर और अपडेट की घोषणा की जो पहले से अधिक भाषाओं और विजुअल को सपोर्ट करता है।   
गूगल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रभाकर राघवन ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा, ‘गूगल मल्टीसर्च के साथ विजुअल सर्च को और भी अधिक स्वाभाविक बना रहा है। यह फोटो और टेक्स का एक साथ उपयोग करके सर्च करने का एक बिल्कुल नया तरीका होगा। ठीक उसी तरह जैसे आप किसी चीज की तरफ इशारा करते हुए अपने किसी मित्र से उसके बारे में सवाल पूछते हैं।’
मल्टीसर्च को इस साल की शुरुआत में अमेरिका में बीटा सेवा के रूप में लॉन्च किया गया था। आने वाले महीनों में इसका 70 से अधिक भाषाओं में विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया, ‘हम इसकी क्षमता का विस्तार करते हुए इसे ‘मल्टीसर्च नियर मी’ (मेरे आस-पास) तक ले जाना चाहते है। आप किसी अनजान चीज (जैसे कि कोई पकवान या पौधे) की फोटो खींचकर सर्च कर सकते है कि वह क्या चीज है और आपके आस-पास में किस जगह (रेस्तरां या बागवानी की दुकान) पर वह चीज उपलब्ध है। हम अमेरिका में ‘मल्टी सर्च’ को अंग्रेजी भाषा में अभी शुरू करेंगे। 
गूगल अपनी रणनीति में सुधार कर रहा है क्योंकि युवा इंटरनेट पर सर्च करने के लिए टिकटॉक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पंसद करते हैं। गूगल पर खरीदारी को आसान बनाने के लिए सर्च में नौ नए फीचर जोड़े गए हैं। नए फीचर उस उत्पाद से संबंधित उत्पादों, शोध उपकरणों और आस-पास की सूची का एक विजुअल जानकारी देती हैं। सर्च परिधान से परे खरीदारी के विकल्पों का विस्तार इलेक्ट्रॉनिक से लेकर सौंदर्य तक सभी श्रेणियों में कर रही है।   
गूगल अपने शॉपिंग ग्राफ के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) का प्रयोग कर रहा है जो अब 35 अरब से अधिक उत्पादों की श्रेणियों को समझता है। यह पिछले साल तक 24 अरब उत्पादों को ही समझता था। गूगल सर्च में 3डी तकनीक को भी जोड़ रहा है, विशेष रूप से खरीदारी के क्षेत्र में। लोग स्थिर फोटो की तुलना में लगभग 50 फीसदी अधिक 3डी फोटो के साथ जुड़ते हैं। गूगल ने इस साल की शुरुआत में घरेलू सामान के साथ 3डी सुविधा की शुरुआत की थी और अब यह प्रारूप जूतों के लिए अपनाया जाएगा। गूगल मैप के विजुअल को 3डी बना रहा है।
गूगल ने वैश्विक लैंडमार्क के 250 से अधिक एकदम असली लगने वाले हवाई दृश्य के फोटो लॉन्च किए हैं, जिसमें टोक्यो टावर से एक्रोपोलिस तक सब कुछ शामिल है। यह एक अधिक व्यापक मानचित्र की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है। सर्च के लाइव दृश्य के साथ कोई भी व्यक्ति आपके आस-पास की चीजों को अधिक सहजता से ढूंढ सकता है।

First Published : September 29, 2022 | 9:38 PM IST