शापूरजी पलोनजी कंपनी घटाएगी ऋण बोझ

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 4:17 PM IST

शापूरजी पलोनजी ऐंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (एसपीसीपीएल) चालू वित्त वर्ष के दौरान अपनी परिसंपत्ति के विनिवेश के जरिये अपने ऋण बोझ को 4,000 करोड़ रुपये कम करेगी।
शापूरजी पलोनजी ग्रुप (एसपी समूह) की यह प्रमुख कंपनी एकमुश्त पुनर्गठन (ओटीआर) की समय-सीमा से पहले पूरे ओटीआर ऋण की अदायगी के साथ वित्त वर्ष 2022 में ओटीआर योजना से बाहर हो चुकी है। उसने प्रवर्तकों द्वारा पूंजी निवेश, परिसंपत्तियों को भुनाने से प्राप्त रकम और नए सावधि ऋण के जरिये ऐसा किया।

कंपनी का समेकित विदेशी ऋण बोझ वित्त वर्ष 2022 के दौरान करीब 13,500 करोड़ रुपये घटकर 31 मार्च 2022 तक  23,475 करोड़ रुपये रह गया था।
इक्रा ने ऋण में कमी सहित कंपनी के वित्तीय प्रोफाइल में सुधार को ध्यान में रखते हुए विकासशील प्रभावों के साथ निगरानी की रेटिंग को हटा दिया। रेटिंग एजेंसी ने स्थिर परिदृश्य के साथ सावधि ऋण की रेटिंग को ‘बीबीबी+’ से ‘ए-‘ में अपग्रेड किया है। अधिकांश प्रवर्तक ऋण (3,900 करोड़ रुपये में से लगभग 3,100 करोड़ रुपये) को अनिवार्य परिवर्तनीय तरजीही शेयरों (सीसीपीएस)/ स्थायी ऋण में परिवर्तित कर दिया गया है। इससे कंपनी को अपनी शुद्ध हैसियत को बेहतर करने में मदद मिली है। इक्रा ने कहा कि वित्त वर्ष 2023 से 2025 के दौरान कंपनी को मुख्य तौर पर 1,500 करोड़ रुपये की देनदारी है। 

First Published : August 25, 2022 | 9:27 PM IST