कंपनियां

दिवाली से पहले ऑनलाइन फूड ऑर्डर करने वालों को झटका, Zomato ने बढ़ाया डिलीवरी शुल्क

शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया गया कि कुछ शहरों में प्लेटफॉर्म फीस 10 रुपये तक बढ़ाई गई है, जो अब त्योहारी सीजन के दौरान लागू होगी।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- October 24, 2024 | 2:05 PM IST

जोमैटो ने दिवाली से पहले एक और बड़ा कदम उठाते हुए अपनी प्लेटफॉर्म फीस बढ़ा दी है। यह ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी, जो गुरुग्राम में स्थित है, ने पिछले एक साल में कई बार प्लेटफॉर्म फीस में बढ़ोतरी की है। इसी साल की शुरुआत में भी कंपनी ने अपनी फीस बढ़ाई थी। जोमैटो ने बताया है कि इस बार फेस्टिव सीजन में ज्यादा मांग को देखते हुए प्लेटफॉर्म फीस में बढ़ोतरी की गई है।

कंपनी ने गुरुवार को कुछ शहरों में प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाने का ऐलान किया। शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया गया कि कुछ शहरों में प्लेटफॉर्म फीस 10 रुपये तक बढ़ाई गई है, जो अब त्योहारी सीजन के दौरान लागू होगी।

दिवाली के मौके पर फूड डिलीवरी ऐप से ज्यादा ऑर्डर की उम्मीद को देखते हुए, जोमैटो ने प्लेटफॉर्म फीस में 60 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है। जनवरी में कंपनी ने यह फीस 4 रुपये प्रति ऑर्डर तय की थी, जिसे कुछ महीने पहले 6 रुपये कर दिया गया था। अब दिवाली से पहले जोमैटो ने इसे बढ़ाकर 10 रुपये प्रति ऑर्डर कर दिया है। यानी अब यूजर को हर ऑर्डर पर 10 रुपये प्लेटफॉर्म फीस देनी होगी।

जोमैटो ने कहा, “हमने बुधवार को कुछ शहरों में प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाई है।” कंपनी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में यह “त्योहारी सीजन प्लेटफॉर्म फीस” के रूप में 10 रुपये होगी। हालांकि, जोमैटो ने यह साफ नहीं किया कि किन-किन शहरों में यह फीस कितनी बढ़ाई गई है। कंपनी ने कहा, “प्लेटफॉर्म फीस में बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है, जो समय-समय पर होती रहती है। यह फीस हर शहर में अलग-अलग हो सकती है।”

सिर्फ 1 साल में कई बार बढ़ी फीस

जोमैटो ने प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाने पर सफाई देते हुए बताया कि यह ऑपरेशनल खर्च और मेंटेनेंस को ध्यान में रखकर ग्राहकों से वसूली जाती है। शुरुआत में यह फीस 1 रुपये थी, जिसे बाद में 2 रुपये और फिर 3 रुपये किया गया। इस साल के शुरुआत में इसे 3 रुपये से बढ़ाकर 4 रुपये और फिर 6 रुपये कर दिया गया। अब फेस्टिव सीजन के दौरान यह फीस 10 रुपये कर दी गई है।

ऐप नोटिफिकेशन के अनुसार, फेस्टिव सीजन में सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्लेटफॉर्म फीस वसूली जाती है। कंपनी ने पहली बार 2023 में
यह शुल्क लागू किया था। जोमैटो की तरह ही, स्विगी ने भी पिछले साल से प्लेटफॉर्म फीस लेना शुरू कर दिया है। वर्तमान में स्विगी प्रति ऑर्डर 6.50 रुपये का प्लेटफॉर्म शुल्क ले रहा है। अब ग्राहकों को खाने की कीमत के साथ-साथ जीएसटी, रेस्टोरेंट चार्ज और डिलीवरी फीस के अलावा प्लेटफॉर्म फीस भी चुकानी होती है, जिससे ऑनलाइन खाना मंगवाना पहले की तुलना में महंगा हो गया है।

First Published : October 24, 2024 | 2:05 PM IST