सिंपलीफ्र्लाई बनेगी ‘किंगफिशर रेड’

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 7:03 PM IST

विजय माल्या के कारोबारी आगोश में आने के बाद सस्ते किराये वाली विमानन सेवा सिंपलीफ्लाई डेक्कन भी किंगफिशर के लाल रंग में रंगने जा रही है।


माल्या की विमानन कंपनी किंगफिशर एयरलाइंस के नए ब्रांड के तौर पर इस कंपनी को किंगफिशर रेड के नाम से उतारा जाएगा। ब्रांड बदलने के साथ ही यह एयरलाइन नीले के बजाय लाल रंग के विमानों के साथ तैयार हो जाएगी। डेक्कन का लोगो भी बदल दिया जाएगा।

फिलहाल इस कंपनी का लोगो पीले रंग के दो हाथों से बनाया गया है। यह सारी कवायद डेक्कन का विलय किंगफिशर में होने के बाद किया गया है। पिछले साल दिसंबर में विलय की प्रक्रिया पूरी हो गई थी। लेकिन दोनों ब्रांडों के विलय का काम इस महीने के अंत में ही कानूनी तौर पर प्रभावी होगा।

सूत्रों के मुताबिक सिंपलीफ्लाई डेक्कन का ब्रांड कल यानी शुक्रवार से ही अतीत की बात बन जाएगा। उसके स्थान पर डीएन के बजाय उड़ान कोड आईटी के तहत नई एयरलाइन संचालित होने लगेगी। माल्या ने ही दिसंबर में एयर डेक्कन का नाम सिंपलीफ्लाई डेक्कन कर दिया था। उद्योग के जानकारों की मानें, तो माल्या ने रीब्रांडिंग की कवायद पर तकरीबन 2,500 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

सिंपलीफ्लाई डेक्कन की अगस्त 2003 के बाद से यह दूसरी रीब्रांडिंग होगी। एयर डेक्कन ने उसी महीने में अपने परिचालन की शुरुआत की थी। भारत में कम किराये वाली उड़ान का प्रचलन भी इसी के साथ शुरू हुआ था।

पिछले साल सिंपलीफ्लाई के बारे में माल्या ने एक ब्रांड अध्ययन कराया था, जिसमें बताया गया कि इस कंपनी को लोग अब भी कम किराये वाली उड़ान सेवा से ही जोड़कर देखते हैं, जिसकी उड़ानें हमेशा लेटलतीफी की शिकार रहती हैं और सेवा संबंधी दूसरी दिक्कतें भी जिसके साथ रहती हैं।

माल्या ने इन सभी खामियों को दूर करने के लिए खासी कोशिश की थी। रीब्रांडिंग के बारे में कंपनी कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है। कहा जा रहा है कि हफ्ते भर के भीतर ही बेंगलुरु में इस बारे में ऐलान कर दिया जाएगा।

First Published : August 28, 2008 | 11:08 PM IST