चेक गणराज्य की वाहन निर्माता कंपनी स्कोडा ऑटो को भारत में बाजार की बड़ी संभावनाएं दिख रही हैं।
इन संभावनाओं को भुनाने के लिए वह अगले पांच साल में आठ नए मॉडल यहां उतारने जा रही है, जिनकी मदद से उसे भारत को अपने पांच सबसे बड़े बाजारों में शुमार करने की उम्मीद है।
स्कोडा ऑटो इंडिया के सेल्स ऐंड मार्केटिंग निदेशक मंडल के सदस्य थॉमस क्युल ने बताया कि भारत में कार के बढ़ते बाजार से कोई इनकार नहीं कर सकता और इसको भुनाने के लिए उनकी कंपनी भी पूरी तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा, ‘भारत में हम पांच सबसे बड़ी कंपनियों में अपना नाम दर्ज कराना चाहते हैं।
नए मॉडल उतारने से यह काम आसान हो जाएगा। इसलिए हम 4 से 8 नए मॉडल उतारना चाहते हैं। इनमें स्पोट्र्स यूटिलिटी व्हीकल, मल्अटी यूटिलिटी व्हीकल और फैबिया से कम कीमत वाली कार शामिल होगी।’ क्युल ने बताया कि जिस छोटी कार को वह भारत में उतारने जा रहे हैं, उसकी कीमत 3 से 5 लाख रुपये के बीच होगी। इसके जरिये कंपनी हुंडई और जनरल मोटर्स की छोटी कारों से टक्कर लेगी।
स्कोडा ने अगले साल एक सुपर्ब सेडान पेश करने का भी फैसला किया है। इसके अलावा अपनी मशहूर कार फैबिया का स्पोर्टी मॉडल उतारने पर भी कंपनी विचार कर रही है। इस मॉडल की कीमत 10 लाख रुपये के आसपास होगी।
इसके अलावा कंपनी अपने सबसे ज्यादा बिकने वाले मॉडल ऑक्टाविया सेडान की जगह भी कोई दूसरा मॉडल लाने की योजना बना रही है। यह मॉडल दो से तीन साल में आएगा और कंपनी का दावा है कि दुनिया भर के बाजार के लिए यह बिल्कुल नई कार होगी।
स्कोडा की भारत में बिक्री पिछले साल लगभग 12,000 वाहन रही थी। कंपनी का इरादा इस साल इसे बढ़ाकर तकरीबन 20,000 करने का है।