कंपनियां

भारत के ‘आकर्षक बाजार’ में वृद्धि के लिए कई विकल्प तलाशेगा सोनी नेटवर्क

सोनी नेटवर्क की भारतीय इकाई ने पिछले महीने जी एंटरटेनमेंट के साथ विलय समझौते को इस आधार पर खत्म कर दिया था कि निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी इसे मूर्त रूप नहीं दिया जा सका।

Published by
भाषा   
Last Updated- February 16, 2024 | 11:05 PM IST

ज़ी एंटरटेनमेंट के साथ प्रस्तावित विलय समझौता खत्म होने के बाद सोनी नेटवर्क भारत में वृद्धि के अवसरों के लिए विभिन्न विकल्पों की तलाश करेगी। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सोनी नेटवर्क के चेयरमैन एवं मुख्य परिचालन अधिकारी हिरोकी तोतोकी ने वित्तीय नतीजों का ब्योरा देते समय कहा कि भारत दीर्घावधि में व्यापक संभावनाएं रखने की वजह से एक बेहद आकर्षक बाजार है जहां कंपनी निवेश करना जारी रखेगी।

तोतोकी ने सोनी की भारतीय गतिविधियों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि दीर्घकालिक आधार पर भारत में विकास की काफी संभावनाएं हैं। लिहाजा हम विभिन्न अवसरों की तलाश करने की कोशिश करेंगे और यह देखेंगे कि हम कोई इस तरह के सौदे की जगह लेने वाला अवसर तलाश सकें।

सोनी नेटवर्क की भारतीय इकाई ने पिछले महीने जी एंटरटेनमेंट के साथ विलय समझौते को इस आधार पर खत्म कर दिया था कि निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी इसे मूर्त रूप नहीं दिया जा सका। दोनों मीडिया कंपनियों के बीच दिसंबर, 2021 में समझौता हुआ था और इसे दो साल के भीतर संपन्न करना था।  सोनी और जी एंटरटेनमेंट के बीच बनी सहमति के तहत जापानी कंपनी को भी विलय की गई इकाई में 1.5 अरब डॉलर का निवेश करना था। 

सौदे के हिस्से के रूप में जताई गई निवेश प्रतिबद्धता के बारे में पूछे जाने पर सोनी के चेयरमैन ने कहा कि वह निवेश पूंजी आवंटन को बदलने वाला नहीं है या इससे हमारे निवेश में हमारे व्यवहार नहीं बदलेगा। फिलहाल हमारे पास कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने निवेशकों के साथ चर्चा में कहा कि समूह भारत में अपनी रणनीति के अनुरूप अपने दम पर वृद्धि जारी रखेगा।  

First Published : February 16, 2024 | 11:05 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)