बढ़ रहे हैं स्टील के दाम, मांग तेज

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:53 PM IST

घरेलू बाजार में स्टील की कीमत को लेकर स्थिति बदल रही है। अब संकेत मिलने लगे हैं कि इसकी कीमत निचले स्तर से ऊपर जाएगी। स्टीलमिंट के आंकड़ों के मुताबिक प्रमुख स्टील मिलों ने अक्टूबर सौदे के लिए हॉट रोल्ड कॉयल (एचआरसी) की कीमत 1,000 से 1,500 रुपये प्रति टन बढ़ा दी है, जो फ्लैट स्टील के लिए मानक है।
सितंबर के दूसरे पखवाड़े से धीरे धीरे कीमतों में तेजी शुरू हुई है। लेकिन कीमतों में शीर्ष स्तर से गिरावट अभी बहुत ज्यादा है। स्टीलमिंट के आंकड़ों से पता चलता है कि प्रमुख मिलों में एचआरसी की मुंबई में कीमत अप्रैल 2022 में 79,250 से 79,750 रुपये प्रति टन थी और सितंबर में कीमत 56,000 से 57,100 रुपये प्रति टन है।
जेएसडब्ल्यू स्टील के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर जयंत आचार्य ने कहा कि स्टील की कीमत में बढ़ोतरी आंशिक रूप से लागत में बढ़ोतरी और इसके कारण मुनाफे में आगे और गिरावट को देखते हुए हुई है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमतों में तेजी देखी जा रही है।
आचार्य ने कहा, ‘एफओबी ऑस्ट्रेलिया कोकिंग कोल की कीमत गिरकर 200 डॉलर प्रति टन पर आ गई थी, जो अब 275 डॉलर प्रति टन है। पूरी दुनिया में स्टील उत्पादों पर मुनाफे को लेकर दबाव है। अगस्त महीने के आंकड़ों से पता चलता है कि यूरोप में उत्पादन इसके पहले के महीने से 1.8 करोड़ टन कम रहा है। चीन में भी उत्पादन में करीब 6 प्रतिशत की कमी आई है।’ 
आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया के मुख्य विपणन अधिकारी रंजन धर ने कहा कि रुपये में 6 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट आई है और मांग में भी सुधार है, जिसकी वजह से धीरे धीरे स्टील की कीमत बढ़ रही है। धर ने कहा, ‘रुपये में गिरावट की वजह से कोकिंग कोल की लागत बढ़ गई है। यह स्टील बनाने का प्रमुख कच्चा माल है, जिसका आयात होता है। इसके अलावा गैस का भी इस्तेमाल होता है। इन वजहों से स्टील आयात की लागत भी बढ़ गई है।’

First Published : October 10, 2022 | 10:42 PM IST