Tata Steel Q1 Results 2025: टाटा स्टील का नेट प्रॉफिट 75 प्रतिशत बढ़कर 918.57 करोड़ रुपये पर, क्या है वजह

Tata Steel Q1FY25 Results: कंपनी के बोर्ड ने टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लि. (TPREL) की सब्सिडियरी TPPL में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 31, 2024 | 10:53 PM IST

Tata Steel Q1FY25 Results: प्रमुख इस्पात कंपनी टाटा स्टील का जून, 2024 को समाप्त तिमाही में एकीकृत शुद्ध मुनाफा 75 प्रतिशत बढ़कर 918.57 करोड़ रुपये हो गया। खर्चों में कमी की वजह से कंपनी अधिक मुनाफा दर्ज कर पाई है। कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी ने 524.85 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।

इसी अवधि में कंपनी की कुल आय घटकर 55,031.30 करोड़ रुपये रह गई। एक साल पहले समान तिमाही में यह 60,666.48 करोड़ रुपये रही थी। तिमाही के दौरान कंपनी का खर्च एक साल पहले की समान अवधि के 58,553.25 करोड़ रुपये से घटकर 52,389.06 करोड़ रुपये रह गया।

इस बीच, कंपनी के निदेशक मंडल ने टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लि. (TPREL) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी TPPL में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है।

कंपनी ने कहा कि योजना के तहत वह एक या अधिक किस्तों में 35 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी और TPPL में 26 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (TPREL) और टीपीपीएल के साथ शेयर खरीद और शेयरधारक करार (SPSA) करेगी।

निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान कंपनी की अनुषंगी नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (NINL) के इक्विटी शेयरों हासिल करने के लिए एक या एक से अधिक किस्तों में 6,000 करोड़ रुपये तक की धनराशि डालने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।

First Published : July 31, 2024 | 7:22 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)