टाटा को उत्तराखंड में चाहिए लीज में कमी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 6:44 PM IST

टाटा की नैनो परियोजना के सामने पश्चिम बंगाल में भले ही विरोध का सामना करना पड़ रहा हो लेकिन उत्तराखंड सरकार टाटा को पंतनगर में इस परियोजना के लिए लीज किराए में छूट और अतिरिक्त भूमि भी देने को तैयार है। टाटा पंतनगर में पहले से ही एस ट्रकों का निर्माण कर रही है।


सूत्रों के अनुसार टाटा ने इस परियोजना के लिए लगभग 1,000 एकड़ भूमि की मांग की है। साथ ही उन्होंने इसके लिए लीज किराए को 5 रुपये प्रति वर्ग मीटर से घटाकर 1 रुपये प्रति वर्ग मीटर करने की भी मांग की है। इसके साथ ही कंपनी पंतनगर में हाउसिंग परियोजना के लिए 100-200 एकड़ अतिरिक्त जमीन की मांग कर रही है।

लेकिन सूत्रों ने बताया कि उत्तराखंड सरकार के पास टाटा की एक मांग काफी समय से लंबित पड़ी है। एक अधिकारी ने बताया, ‘हम टाटा मोटर्स से जुड़े सभी मामलों में जल्द से जल्द फैसला लेना चाहते हैं। हालांकि इसके लिए कोई समय सीमा तय नहीं है।’

उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के मामलों को देखने के लिए एक जेनेरिक नीति बनाने का भी प्रस्ताव है। राज्य में पिछली कांग्रेस सरकार ने टाटा को पंतनगर औद्योगिक परिसर में लगभग 1,000 एकड़ जमीन कौड़ियों के भाव में दी थी।

First Published : August 26, 2008 | 2:33 AM IST