टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (Tata Consultancy Services) ने सितंबर तिमाही के अपने नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी ने 8 फीसदी से अधिक का लाभ अर्जित किया है। इसके साथ ही इसका राजस्व 18 फीसदी बढ़कर 55,309 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
टीसीएस के शेयरों में रही तेजी
आईटी सेवा प्रदाता टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के दूसरी तिमाही के नतीजे आने को लेकर निवेशकों में उत्साह देखने को मिला। निवेशकों ने जमकर टीसीएस के शेयरों पर पैसा लगाया। दिन भर शेयर बाजार में टीसीएस के शेयरों की धूम रही। बाजार बंद होने तक इसके शेयरों में 2 फीसदी का उछाल देखने को मिला।टीसीएस के शेयर 59.10 रुपये बढ़कर 3,124.00 रुपये पर बंद हुआ।
हमारी सेवाओं की मांग मजबूत- राजेश गोपीनाथन
टीसीएस के सीईओ और एमडी राजेश गोपीनाथन ने कहा कि हमारी सेवाओं की अच्छी मांग बनी हुई है। हमने अपने सभी उद्योग क्षेत्रों और अपने सभी प्रमुख बाजारों में मजबूत और लाभदायक वृद्धि प्राप्त की है। हमारी ऑर्डर बुक ग्रोथ और ट्रांसफॉर्मेशन इनिशिएटिव्स, क्लाउड माइग्रेशन और आउटसोर्सिंग एंगेजमेंट के स्वस्थ तालमेल के साथ अच्छी पकड़ बना रही है।