भारत और मैक्सिको के पर्यटन संघ मिलाएंगे हाथ

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 6:01 PM IST

टूर ऑपरेटरों के शीर्ष भारतीय संगठन इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) ने मैक्सिको के टूर ऑपरेटर संघ के साथ करार करने की योजना बनाई है।


आईएटीओ ने दोनों देशों में पर्यटन को प्रमोट करने के लिए यह पहल की है। प्रस्तावित समझौते के मुताबिक भारत और मैक्सिको के टूर ऑपरेटर संघ अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन और खास कर दोनों देशों के बीच पर्यटकों के आवागमन को मजबूत बनाने के लिए सहयोग बढ़ाएंगे।

दोनों देश पर्यटन को बढ़ावा देने वाले तरीकों और अन्य पर्यटन सूचनाओं का आदान-प्रदान भी करेंगे जिनमें दोनों देशों में पर्यटन क्षेत्र में विकास और निवेश अवसरों से संबंधित नीतियां शामिल हैं। आईएटीओ के अध्यक्ष विजय ठाकुर ने ‘बिजनेस स्टैंडर्ड’ को बताया, ‘मैक्सिको के टूर ऑपरेटर संघ का एक प्रतिनिधि मंडल अगले सप्ताह भारत के दौरे पर आ सकता है और हम इस संभावित साझेदारी के लिए उनसे बातचीत करने को तैयार हैं।’

आईएटीओ पर्यटन और ट्रेवल क्षेत्रों में विभिन्न पेशेवर संस्थाओं के साथ अपना अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क लगातार बढ़ा रहा है। एसोसिएशन ऑफ इंडोनेशियन टूर्स ऐंड टे्रवल एजेंट्स, नेपाल एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स और यूनाइटेड स्टेट्स टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के साथ उसका करार है।

First Published : August 20, 2008 | 11:37 PM IST