अल्ट्राटेक सीमेंट का मुनाफा घटा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 5:22 PM IST

सीमेंट निर्माता अल्ट्राटेक का शुद्ध‍ लाभ जून तिमाही में सालाना आधार पर करीब 7 फीसदी घटकर 1,584 करोड़ रुपये रह गया। बिजली व ईंधन की बढ़ी लागत का मुनाफे पर असर पड़ा। वरिष्ठ विश्लेषकों के मुताबिक, प्रति टन के आधार पर सीमेंट कंपनियों की कुल लागत में बिजली व ईंधन के अलावा मालभाड़ा आदि की हिस्सेदारी 55-60 फीसदी होती है।
पेट कोक व थर्मल कोल की कीमतें पिछले कुछ महीनों में तेजी से बढ़ी है, जो सीमेंट कंपनियों के उत्पादन लागत पर दबाव डाल रहा है।
मुनाफा घटने के बावजूद अल्ट्राटेक का शुद्ध‍ लाभ बाजार के अनुमान से बेहतर रहा। ब्लूमबर्ग की रायशुमारी में विश्लेषकों ने कंपनी का मुनाफा 1,369 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया था। पिछले साल की समान अवधि में कंपनी का शुद्ध‍ लाभ 1,703 करोड़ रुपये रहा था। अल्ट्राटेक का राजस्व इश अवधि में 28.2 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 15,164 करोड़ रुपये रहा। देसी बिक्री सालाना आधार पर 19 फीसदी बढ़ी, जिसमें बुनियादी ढांचे में आई तेजी का योगदान रहा।
राजस्व के मोर्चे पर भी कंपनी ने बाजार के अनुमान को पीछे छोड़ दिया, जो 14,236 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया था। पिछले साल की समान अवधि में कंपनी का राजस्व 11,830 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी का एबिटा पहली तिमाही में 3,204 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि में 3,513 करोड़ रुपये रहा था, यानी इसमें 8.8 फीसदी की गिरावट आई।
अल्ट्राटेक सीमेंट ने कैलाश चंद्र झावर को एक बार फिर प्रबंध निदेशक नियुक्त किया।
कंपनी ने कहा कि मौजूदा विस्तार कार्यक्रम पटरी पर है और वित्त वर्ष 23 के आखिर में पूरा हो जाएगा।
नतीजे की घोषणा के बाद कंपनी का शेयर बीएसई पर 5.03 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 6,437 रुपये पर बंद हुआ।

एचडीएफसी एएमसी का शुद्ध लाभ 9 फीसदी घटा
एचडीएफसी ऐसेट मैनेटमेंट कंपनी (एएमसी) का शुद्ध लाभ जून, 2022 में समाप्त तिमाही में 9 फीसदी घटकर 314.2 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि एचडीएफसी एएमसी को वित्त वर्ष 2021-22 की जून तिमाही में 345.4 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। वित्त वर्ष 2022-23 की जून तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 3 फीसदी बढ़कर 521.6 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 507.1 करोड़ रुपये थी। जून तिमाही में कंपनी की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) 4.15 लाख करोड़ रुपये रहीं। पिछले साल इसी अवधि में यह 4.17 लाख करोड़ रुपये थीं।

बंधन बैंक का लाभ दोगुना
बंधन बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में दोगुना से अधिक होकर 886.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। फंसे हुए कर्ज में कमी आने से बैंक के लाभ में वृद्धि हुई है। बैंक ने इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 373.1 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। बंधन बैंक ने शुक्रवार को शेयर बाजारों को बताया कि वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में उसकी कुल आय भी बढ़कर 2,844.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 2,731 करोड़ रुपये थी। तिमाही के दौरान बैंक की ब्याज से प्राप्त आय भी बढ़कर 2,514.4 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,114.1 करोड़ रुपये थी। बैंक की सकल सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में घटकर 7.25 फीसदी रह गईं। एक साल पहले की समान तिमाही में यह आंकड़ा 8.18 फीसदी रहा था। बैंक का शुद्ध एनपीए भी घटकर 1.92 फीसदी रह गया जो एक साल पहले की समान तिमाही में 3.29 फीसदी रहा था।

First Published : July 23, 2022 | 1:57 AM IST