यूनिटेक मशीन्स के साझे उपक्रम

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 8:40 PM IST

वाहन कल पुर्जे, बुनियादी ढांचा और अन्य क्षेत्रों में कारोबार करने वाले यूनिटेक मशीन्स (यूएम) समूह ने अग्निशमन उपकरण के क्षेत्र में कदम रखते हुए अपने कारोबार में लगभग 50 फीसद का इजाफा करने का लक्ष्य रखा है।


इसके लिए समूह जापान और इटली की दो अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियों के साथ साझा उपक्रम बनाने जा रहा है। लगभग 750 करोड़ रुपये के यूएम समूह के चेयरमैन वी के छाबड़ा ने बताया कि कंपनी अग्निशमन उपकरणों के कारोबार में मजबूत पैठ बनाना चाहती है। इसके अलावा ऑटो कल पुर्जों के विदेशी बाजार में भी वह अपना दखल बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

समूह का लक्ष्य चालू वित्त वर्ष में कारोबार को 1,000 से 1,200 करोड़ रुपये तक पहुंचाना है। समूह की प्रमुख कंपनी यूनिटेक मशीन्स लिमिटेड ने अग्निशमन कारोबार के लिए जापान की कंपनी नोहमी के साथ मिलकर साझा उपक्रम बनाया है। यूनिटेक नोहमी फायर प्रोटेक्शन सिस्टम नाम की नई कंपनी में यूनिटेक की 49 फीसद हिस्सेदारी है।

छाबड़ा ने बताया कि कंपनी रियल एस्टेट, विमानन, रिफाइनिंग, पेट्रोरसायन क्षेत्र की कंपनियों से बातचीत कर रही है। मारुति सुजुकी, हीरो होंडा, यामाहा, काइनेटिक मोटर्स और एलएमएल को ऑटो पुर्जे मुहैया कराने वाला समूह एक इतालवी कंपनी के साथसाझा उपक्रम बनाने जा रहा है। इस बारे में एक-दो दिन में समझौता होने की उम्मीद है।

छाबड़ा ने कहा, ‘तकरीबन 2,800 करोड़ रुपये की इतालवी कंपनी के साथ उपक्रम से विदेशी कार कंपनियों तक हमारी पहुंच बढ़ जाएगी। इसमें हम लगभग 80-90 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।’

First Published : September 10, 2008 | 12:53 AM IST