कंपनियां

Vedanta Group की हिंदुस्तान जिंक ने FY24 में सरकारी खजाने में 13,195 करोड़ रुपये का योगदान दिया

पिछले पांच साल में Hindustan Zinc ने रॉयल्टी, जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) और अन्य शुल्क के रूप में राजस्थान को सालाना औसतन लगभग 3,250 करोड़ रुपये का योगदान दिया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 15, 2024 | 4:58 PM IST

वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लि. ने पिछले वित्त वर्ष में सरकारी खजाने में 13,195 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। यह उसके कुल राजस्व का लगभग 46 प्रतिशत है।

हिंदुस्तान जिंक ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का सरकारी खजाने में कुल योगदान 13,195 करोड़ रुपये रहा। इसके साथ, हिंदुस्तान जिंक लि. (एचजेडएल) ने पिछले पांच साल में सरकारी खजाने में संचयी रूप से 77,803 करोड़ रुपये का योगदान दिया है।

हिंदुस्तान जिंक की चेयरपर्सन प्रिया अग्रवाल हेब्बर ने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हमारा कारोबार बढ़ेगा, वैसे-वैसे यह आंकड़ा भी बढ़ेगा। हिंदुस्तान जिंक में, हम एक ऐसे उद्देश्य के साथ व्यापार करना जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो टिकाऊ और पारदर्शी हो तथा हमारे सभी संबद्ध पक्षों के लिए मूल्य पैदा करे।’’

पिछले पांच साल में कंपनी ने रॉयल्टी, जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) और अन्य शुल्क के रूप में राजस्थान को सालाना औसतन लगभग 3,250 करोड़ रुपये का योगदान दिया है।

कंपनी ने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण योगदान राज्य के आर्थिक विकास के लिए हिंदुस्तान जिंक की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’ वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लि. दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी एकीकृत जस्ता उत्पादक और तीसरी सबसे बड़ी चांदी उत्पादक है।

First Published : July 15, 2024 | 4:58 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)