फॉक्सवैगन 2010 में लाएगी भारत के लिए कॉम्पैक्ट कार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 7:49 PM IST

नामी कार निर्माता कंपनी फॉक्सवैगन एजी भारत के कार बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए तेजी से काम कर रही है।


इसके लिए कंपनी यहां कई नए मॉडल उतारने जा रही है, जिनमें भारत के लिए खास तौर पर बनाई जाने वाली एक कॉम्पैक्ट कार भी शामिल है। फॉक्सवैगन के ब्रांड कम्युनिकेशन प्रमुख कर्ुत्ज रिपोल्ज ने बताया कि भारतीय ग्राहकों की जरूरतों और पसंद-नापसंद को समझने के बाद कंपनी ने यहां कॉम्पैक्ट कार उतारने का फैसला किया है।

यह कार 2010 में उतारी जाएगी और केवल भारत में ही बेची जाएगी। इस कार के जरिये कंपनी भारत के कार बाजार में अगले पांच साल के दौरान लगभग 10 फीसद हिस्सा हासिल करना चाहती है। कंपनी ने हाल ही में पसात और जेटा कारें अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतारी हैं और इन्हें भारत में भी बिक्री के लिए लाया जा चुका है। इसके अलावा फॉक्सवैगन जल्द ही भारत में दो मिनी वैन भी उतारेगी।

रिपोल्ज ने बताया कि इनमें से एक मिनी वैन हैचबैक और एक सेडान होगी। इनकी कीमत 20 लाख रुपये से ज्यादा ही होगी। कॉम्पैक्ट कार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसे पोलो प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा। लेकिन उन्होंने इसकी कीमत बताने से इनकार कर दिया। रिपोल्ज ने कहा कि बाजार की हालत देखकर ही इसकी कीमत तय की जाएगी और इस पर अभी तक कोई फैसला नहीं किया गया है।

फॉक्सवैगन के भारत में दो संयंत्र हैं। औरंगाबाद में कंपनी का संयंत्र पहले से ही मौजूद है और नया संयंत्र चाकन में तैयार हो रहा है, जहां अगले वर्ष से वाहन निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। कंपनी को उम्मीद है कि चाकन संयंत्र शुरू होने के बाद वह भारत के बाजार की जरूरतों को ज्यादा अच्छी तरह से पूरा कर पाएगी।

फॉक्सवैगन की कारों में इस्तेमाल होने वाले इंजन जर्मनी से ही आते हैं। लेकिन रिपोल्ज ने कहा कि यदि कंपनी को भारत में बिक्री के आंकड़ों में अच्छा इजाफा दिखता है, तो वह यहां इंजन विनिर्माण संयंत्र लगाने पर विचार कर सकती है।

First Published : September 4, 2008 | 11:15 PM IST