भारत में छोटी कारों के बढ़ते बाजार को देखकर सभी कंपनियां यहां छोटी कार बाजार में उतारने के लिए योजनाएं बना रही हैं। इस कड़ी में दिग्गज कार कंपनी जनरल मोटर्स का नाम भी शामिल हो गया है।
कंपनी ने साल 2010 तक भारत में दो मिनी कॉम्पैक्ट कार श्रेणी में दो नए मॉडल पेश करने की घोषणा की है। इस कार को कंपनी के बेंगलुरु स्थित संयंत्र में विकसित किया जा रहा है। कंपनी ने अगले साल भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार शेवी वोल्ट भी लॉन्च करने की घोषणा की है। इसके अलावा कंपनी भारत में अगले सात साल में 2,150 करोड़ रुपये का निवेश भी करेगी।
जनरल मोटर्स भारत में पहले ही लगभग 4,300 करोड़ रुपये का निवेश कर चुकी है। कंपनी के प्रबंधन ने यह भी बताया कि तालेगांव संयंत्र की क्षमता बढ़ने के बाद भारत को अपने निर्यात का केंद्र बनाएगी। कंपनी की योजना इस संयंत्र की सालाना उत्पादन क्षमता 1,40,000 से बढ़ाकर 3,00,000 करने की है। लेकिन कंपनी ने नैनो जैसी किसी भी कार के निर्माण की योजना से इनकार किया।
जनरल मोटर्स के अध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी फ्रित्ज हेंडरसन ने कहा, ‘हमें अपनी शेव्रले ब्रांड से काफी उम्मीदे हैं। हम अपने पुराने और पसंदीदा मॉडलों को और बेहतर करने के साथ ही नए मॉडल लॉन्च करने की भी रणनीति अपनाएंगे।’