लूप लाइन में जईन टेलीकॉम

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 7:43 PM IST

कुवैत की जईन टेलीकॉम और नॉर्वे की दूरसंचार कंपनी टेलीनोर ने रणनीतिक हिस्सेदारी हासिल करने के लिए लूप टेलीकॉम के साथ बातचीत शुरू कर दी है।


लूप टेलीकॉप बीपीएल मोबाइल के स्वामित्व वाली सहयोगी कंपनी है। हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि क्या दोनों कंपनियां बड़ी हिस्सेदारी के लिए विचार कर रही हैं या 26 फीसदी के साथ निवेशक के रूप में इसमें शामिल होना चाहती हैं।

बीपीएल मोबाइल रुइयाज और उनके सहयोगियों के नियंत्रण वाली कंपनी है और मुंबई में जीएसएम मोबाइल सेवा मुहैया कराती है। लूप टेलीकॉप 21 सर्किलों में मोबाइल सेवा संचालन के लिए लाइसेंस हासिल करने वाली सात कंपनियों में शामिल है। एस्सार समूह भी भारत की चौथी सबसे बड़ी मोबाइल सेवा कंपनी वोडाफोन-एस्सार में साझीदार है।

इस बारे में जब एस्सार समूह के प्रवक्ता से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। 4.57 करोड़ उपभोक्ता आधार वाली जैन टेलीकॉम पश्चिम एशिया (बहरीन, इराक, जॉर्डन, सऊदी अरब, कुवैत, लेबनान) और सूडान जैसे उप-सहारा अफ्रीकी देशों समेत 22 देशों में अपनी सेवाएं मुहैया कराती है।

First Published : September 2, 2008 | 11:42 PM IST