जी-सोनी विलय: तीन हिंदी चैनलों को बेचने पर बनी सहमति

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:09 PM IST

मीडिया समूह सोनी और ज़ी ने तीन हिंदी चैनल, बिग मैजिक, जी एक्शन और जी क्लासिक को बेचने के लिए स्वेच्छा से सहमति व्यक्त की है। दोनों कंपनियों ने प्रस्तावित विलय समझौते से जुड़ी संभावित प्रतिस्पर्धा रोधी चिंताओं (anti -competition concerns) को देखते हुए यह निर्णय लिया है। उन्होंने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) को अपना प्रस्ताव पेश किया था और चार अक्टूबर को कुछ संशोधनों के बाद इस समझौते को मंजूरी दे दी गई थी। 
CCI ने मंजूरी देने के तीन सप्ताह से अधिक समय बाद बुधवार को अपने 58 पृष्ठ के विस्तृत आदेश को सार्वजनिक कर दिया। आदेश के अनुसार, दोनों कंपनियां हिंदी मनोरंजन चैनल बिग मैजिक को बेचने पर सहमत हो गई हैं। दोनों ने हिंदी फिल्म चैनल जी एक्शन और जी क्लासिक को भी बेचने पर सहमति व्यक्त की है। 

CCI की प्रथम दृष्टया राय के बाद दोनों कंपनियां प्रस्तावित सौदे में संशोधन के लिए स्वेच्छा से इसलिए सहमत हुई हैं, क्योंकि इस सौदे से प्रतिस्पर्धा पर काफी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। एक निश्चित सीमा से अधिक के सौदों के लिए अनिवार्य रूप से CCI की मंजूरी चाहिए होती है। नियामक बाजार में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करना चाहता है। CCI ने चार अक्टूबर को कहा था कि उसने प्रस्तावित जी-सोनी विलय सौदे को मंजूरी दे दी है। इसकी घोषणा पिछले साल सितंबर में की गई थी। संबंधित बाजारों में उचित प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने के लिए नियामक ने तीन चैनलों को खरीदने से पहले संबंधित खरीदार द्वारा पूरी की जाने वाली विभिन्न जरूरतों को भी अनिवार्य कर दिया है।

First Published : October 26, 2022 | 7:32 PM IST