ऑर्डर पहुंचाएंगे जोमैटो के सीईओ!

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:56 PM IST

अगली बार आपके जोमैटो से ऑर्डर करने पर इसके संस्थापक और मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) दीपेंद्र गोयल खुद ऑर्डर पहुंचाने आपके घर तक आ सकते हैं। हाल ही में नौकरी डॉट कॉम के मालिक और जोमैटो के निवेशक संजीव बिकचंदानी ने खुलासा किया कि लगभग तीन साल से गोयल सहित जोमैटो के कई वरिष्ठ प्रबंधक हर तीन महीने में कम से कम एक बार लाल रंग की टी-शर्ट वाली जोमैटो की ड्रेस पहनकर खुद खाने की डिलिवरी करने जाते हैं। 

बिकचंदानी ने ट्वीट कर बताया कि हाल ही में उनकी दीपेंद्र गोयल और उनकी टीम से मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि यह जानकर खुशी हुई कि ये सभी लोग हर तीन महीने में एक बार जोमैटो का ड्रेस पहनकर मोटरसाइकिल से ऑर्डर पहुंचाने निकल जाते हैं। दीपिंदर ने उन्हें बताया कि लोग उन्हें पहचान भी नहीं पाते। 
कई ट्विटर उपयोगकर्ता और जोमैटो का उपयोग करने वाले ग्राहकों ने इस कार्य की काफी सराहना की और इसे कंपनी की तरफ से एक अच्छा कदम बताया। 
इस बीच, कंपनी ने पिछले सप्ताह ही अपने फूड और म्यूजिक कार्निवॉल, जोमैटोलैंड को फिर से शुरू करने की घोषणा की। कंपनी ने कहा कि यह 2022-23 में देश के सात शहरों में मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम 140 घंटों के साथ 400 रेस्तरां में मनाया जाएगा। इसमें पॉप, पंजाबी और भारतीय संगीत से लेकर कॉमेडी तक के कलाकारों को बुलाया जाएगा। इसके साथ ही एक नया भोजन अनुभव, कुछ रिकॉर्ड तोड़ने के प्रयास और बहुत सारे भोजन की व्यवस्था होगी।
जोमैटो ने दावा किया है कि 2019 के पिछले कार्निवॉल में लगभग 150,000 आगंतुकों का स्वागत किया गया था। 300 से ज्यादा रेस्तरां ने 370,000 खाने की डिश उपलब्ध थी।

First Published : October 9, 2022 | 11:17 PM IST