जोमैटो का नुकसान बढ़कर 360 करोड़ रु.

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 6:46 PM IST

ऑनलाइन फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो का एकीकृत नुकसान मार्च तिमाही में बढ़कर 360 करोड़ रुपये पर पहुंच गया क्योंकि कंपनी का खर्च करीब दोगुना हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का शुद्ध नुकसान 134 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी का परिचालन राजस्व इस अवधि में 75 फीसदी उछलकर 1,212 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 692 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 1,701.7 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पहले 885 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने यह जानकारी दी।
सोमवार को कंपनी का शेयर 2 फीसदी की गिरावट के साथ बीएसई पर 56.80 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी ने एक्सचेंजों को भेजी सूचना में कहा है, पिछली तिमाही में प्लेटफॉर्म पर लेनदेन करने वाले औसत मासिक ग्राहक अब तक के सर्वोच्च स्तर 1.57 करोड़ हो गए, जो पिछली तिमाही के 1.53 करोड़ के मुकाबले ज्यादा है। इसी तरतह औसत ऐक्टिव रेस्तरां पार्टनर व डिलिवरी पार्टनर अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गए।
कंपनी ने कहा, हमने चौथी तिमाही में 300 से ज्यादा नए शहरों में कामकाज शुरू किया। अब हमारी मौजूदगी देश भर के 1,000 से ज्यादा शहरों में है।
वित्त वर्ष 22 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध नुकसान बढ़कर 1,222.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का एकीकृत नुकसान 816.4 करोड़ रुपये रहा था।    

First Published : May 24, 2022 | 12:40 AM IST