अगस्त के दूसरे हफ्ते में 40 फीसदी बढ़ा निर्यात

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 1:48 AM IST

भारत ने अगस्त के दूसरे हफ्ते में 7.1 अरब डॉलर के सामानों का निर्यात किया है जो सालाना आधार पर 39.5 फीसदी अधिक है। निर्यात को इंजीनियरिंग सामनों, फार्मास्यूटिकल्स के साथ साथ रत्न और आभूषण उत्पादों की जबरदस्त मांग से बल मिला है। यह जानकारी वाणिज्य एंव उद्योग मंत्रालय की ओर से संग्रहित शुरुआती आंकडों से सामने आई है। 
हालांकि, यह आंकड़ा अगस्त के पहले हफ्ते के मुकाबले थोड़ा कम जब व्यापारिक निर्यात 7.4 अरब डॉलर का रहा था। दूसरे हफ्ते में अमेरिका और इटली से इंजीनियरिंग सामानों की उच्च मांग के कारण इनके निर्यात में सर्वाधिक वृद्घि दर्ज की गई। वाणिज्य विभाग के एक विश्लेषण के मुताबिक हालांकि, यह वृद्घि पेट्रोलियम उत्पादों, लौह अयस्क और चमड़ा तथा चमड़े के उत्पादों के निर्यात में 2019-20 की तुलना में आई कमी के कारण मंद पड़ गई। व्यापारिक माल का आयात सालाना आधार पर 36.31 फीसदी बढ़कर 10.8 अरब डॉलर पर पहुंच गया जिससे व्यापार घाटा उस हफ्ते के दौरान 3.7 फीसदी पर पहुंच गया। 

सोने के आयात में सर्वाधिक वृद्घि दर्ज की गई। सोने का आयात सबसे अधिक स्विटजरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात से किया गया। आयात में इस वृद्घि की कुछ हद तक भरपाई 2019-20 के मुकाबले चांदी के परिवहन उपकरण और कच्चे कपास तथा अपशिष्टï के आयातों में आई कमी से हो गई। 
भारत ने जुलाई महीने में 35.43 अरब डॉलर के सामानों का निर्यात किया था जो किसी एक महीने का सर्वाधिक आंकड़ा है। ऐसा प्रमुख वैश्विक बाजारों और मांग में सुधार के कारण हुआ था। केंद्र ने चालू वित्त वर्ष में 400 अरब डॉलर मूल्य के व्यापारिक सामानों के निर्यात का लक्ष्य रखा है। भारत ने इस वार्षिक लक्ष्य का करीब एक तिहाई 2021-22 के पहले चार महीनों में पूरा कर लिया है।

First Published : August 19, 2021 | 12:04 AM IST