अर्थव्यवस्था

तकनीकी वस्त्रों के लिए स्टार्टअप को 50 लाख रुपये तक का अनुदान देगी सरकार

ग्रेट योजना के तहत मंत्रालय ऐसे शोध को बढ़ावा दे रहा है, जहां कुछ प्रोटोटाइप विकसित किए गए हैं, और जिनका व्यावसायिक उपयोग किया जाना है।

Published by
भाषा   
Last Updated- August 29, 2023 | 7:00 PM IST

सरकार ने मंगलवार को कहा कि वह तकनीकी वस्त्रों में इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप और उद्यमियों को 50 लाख रुपये तक का अनुदान देगी। कपड़ा मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजीव सक्सेना ने कहा कि तकनीकी वस्त्रों के लिए स्टार्टअप दिशानिर्देश – ‘तकनीकी वस्त्र में आकांक्षी नवप्रवर्तकों के लिए अनुसंधान एवं उद्यमिता अनुदान’ (ग्रेट) के तहत 50 लाख रुपये तक की अनुदान सहायता दी जाएगी।

अनुदान 18 महीने की अवधि के लिए होगा

यह अनुदान 18 महीने की अवधि के लिए होगा। उन्होंने यहां राष्ट्रीय तकनीकी कपड़ा मिशन (एनटीटीएम) की प्रगति के बारे में संवाददाताओं से कहा कि तकनीकी वस्त्रों में स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा दिशानिर्देशों में प्रोटोटाइप को प्रौद्योगिकी और फिर उसे उत्पाद में बदलने के लिए समर्थन दिए जाने की बात भी कही गई है।

Also read: IT सर्विस सेक्टर की अर्निंग ग्रोथ FY 24 में घटकर 3 प्रतिशत रह जाएगी: ICRA

इनक्यूबेटर को करना होगा केवल न्यूनतम 10 प्रतिशत का योगदान

सक्सेना ने कहा, ‘‘हम बिना किसी रॉयल्टी या इक्विटी के अनुदान सहायता के रूप में 50 लाख रुपये तक का समर्थन करने जा रहे हैं। इनक्यूबेटर को केवल न्यूनतम 10 प्रतिशत योगदान करना है। यह काम आईआईटी, एनआईटी, कपड़ा शोध संघों और उत्कृष्टता केंद्रों जैसे इनक्यूबेटर द्वारा किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि ग्रेट योजना के तहत मंत्रालय ऐसे शोध को बढ़ावा दे रहा है, जहां कुछ प्रोटोटाइप विकसित किए गए हैं, और जिनका व्यावसायिक उपयोग किया जाना है। अधिकारी ने कहा, ‘‘अनुदान के लिए आवेदन करने को 10-15 दिन के भीतर एक ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया जाएगा। हम 100-150 स्टार्टअप को समर्थन देने जा रहे हैं।’’

First Published : August 29, 2023 | 7:00 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)