अर्थव्यवस्था

भारत में टैक्स कलेक्शन काफी अधिक, Income Tax को 40 से घटाकर 25 फीसदी किया जाए: सुरजीत भल्ला

Published by
भाषा   
Last Updated- May 29, 2023 | 10:38 AM IST

भारत दुनिया का सबसे अमीर देश नहीं है, लेकिन यहां Income Tax कलेक्शन काफी अधिक है और ऐसे में आयकर की दर को मौजूदा करीब 40 फीसदी से घटाकर 25 फीसदी किया जाना चाहिए। जानेमाने अर्थशास्त्री सुरजीत भल्ला ने यह बात कही। उन्होंने बताया कि आर्थिक वृद्धि की गति को तेज करने के लिए कर की दर में कमी करना जरूरी है।

भल्ला ने कहा, ‘हम दुनिया में बहुत अधिक वैश्वीकृत अर्थव्यवस्था हैं। यदि आप भारत में कर संरचना को देखते हैं, तो Income Tax का संग्रह काफी अधिक है, जबकि हम दुनिया के सबसे धनी अर्थव्यवस्था नहीं हैं।’ उन्होंने कहा कि राज्य, केंद्र और स्थानीय निकायों का कर संग्रह भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का लगभग 19 फीसदी है।

उन्होंने आगे कहा, ‘हमें इसे दो फीसदी कम करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। जहां तक प्रत्यक्ष करों का संबंध है, मुझे लगता है कि कुल कर की दर 25 फीसदी से अधिक नहीं होनी चाहिए। अभी यह अधिभार को मिलाकर 40 के करीब है।

हमारी कॉरपोरेट कर की दर 25 फीसदी है, यही हमारी आयकर दर होनी चाहिए।’ इस समय भारत में आयकर की अधिकतम दर 39 फीसदी है। भल्ला ने कहा कि समाज के एक चुनिंदा वर्ग को लाभ पहुंचाने की जगह करों को सभी के लिए कम करने की जरूरत है। वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान भारत का सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 20 फीसदी से अधिक बढ़कर 19.68 लाख करोड़ रुपये हो गया।

First Published : May 29, 2023 | 10:38 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)