व्यापार घाटा बढ़कर 28.68 अरब डॉलर पर पहुंचा, अगस्त में 33 अरब डॉलर का निर्यात

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 4:00 PM IST

देश का निर्यात अगस्त महीने में 1.15 फीसदी घटकर 33 अरब डॉलर रहा है जबकि व्यापार घाटा दोगुने से भी अधिक बढ़कर 28.68 अरब डॉलर हो गया है। 
वाणिज्य मंत्रालय के शनिवार को जारी प्रारंभिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली। एक साल पहले अगस्त 2021 में व्यापार घाटा 11.71 अरब डॉलर रहा था। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2022 में देश का आयात एक साल पहले की तुलना में 37 प्रतिशत बढ़कर 61.68 अरब डॉलर हो गया है। हालांकि वाणिज्य सचिव बी वी आर सुब्रमण्यम ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में देश का कुल निर्यात 450 अरब डॉलर के पार जाने की उम्मीद है। 

उन्होंने कहा, ‘‘उत्पाद निर्यात में हम इस वित्त वर्ष में 450 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर लेंगे।’’ चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-अगस्त के दौरान देश का निर्यात 17.12 फीसदी बढ़कर 192.59 अरब डॉलर हो गया, वहीं आयात 45.64 फीसदी बढ़कर 317.81 अरब डॉलर हो गया। इसी अवधि में देश का व्यापार घाटा बढ़कर 125.22 अरब डॉलर हो गया जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 53.78 अरब डॉलर था। अगस्त में तेल आयात 86.44 फीसदी बढ़कर 17.6 अरब डॉलर हो गया जबकि सोने का आयात 47.54 फीसदी गिरकर 3.51 अरब डॉलर हो गया।

First Published : September 3, 2022 | 7:35 PM IST