PTI
सिक्किम में भारी बारिश और तेज बाढ़ के कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इस वजह से हाइवे बंद कर दिए गए हैं और करीब 3,000 पर्यटक वहां फंस गए हैं। उत्तरी सिक्किम में पेगोंग क्षेत्र विशेष रूप से प्रभावित हुआ है और नेशनल हाइवे नंबर 10 को पूरी तरह से बंद करना पड़ा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोगों के फंसे होने की सूचना मिली है।
मूसलाधार बारिश से राज्य के कुछ हिस्सों में भूस्खलन भी हुआ है, जिससे स्थिति और भी खराब हो गई है। लाचुंग और लाचेन सहित कई क्षेत्रों का बाकी क्षेत्र से संपर्क टूट गया है। माना जा रहा है कि इन जगहों पर 3,000 पर्यटक फंसे हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया, “बाढ़ ने राजमार्ग के बुनियादी ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचाया है, जिससे यह किसी भी तरह के वाहनों की आवाजाही के लिए असुरक्षित हो गया है।”
इस बीच, सिक्किम सरकार फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास कर रही है। माना जा रहा है कि रिम्बी नदी के बढ़ते जल स्तर के कारण पश्चिम सिक्किम में एक 90 वर्षीय पशुपालक की मृत्यु हो गई है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है, और शव का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
अभी कुछ दिन पहले पर्यटकों से भरी एक कार सिंगतम-डिक्चू मार्ग पर मूसलाधार बारिश के बीच फंस गई थी। खराब मौसम के कारण सड़क का एक हिस्सा बह गया था, जिससे पर्यटक फंस गए थे। आखिरकार, उन्हें सीमा सड़क संगठन द्वारा बचाया गया था।