भारत

Farmers protest: पंजाब, हरियाणा, उप्र में किसानों का प्रदर्शन

किसान फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के वास्ते आंदोलन कर रहे हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- February 26, 2024 | 10:56 PM IST

Farmers protest: संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के बैनर तले किसानों ने कृषि क्षेत्र को विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) समझौते से बाहर करने की मांग को लेकर सोमवार को पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर राजमार्गों के किनारे अपने ट्रैक्टर खड़े किए।

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) के नेतृत्व में हजारों किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च को हरियाणा के साथ लगती पंजाब की सीमा पर खनौरी और शंभू में सुरक्षा बलों ने रोक दिया।

किसान फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के वास्ते आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने एसकेएम के बैनर तले सोमवार को दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक ‘डब्ल्यूटीओ छोड़ो दिवस’ प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की थी।

उन्होंने कहा था कि वे राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात को बाधित किए बिना अपने ट्रैक्टर खड़े करेंगे। एसकेएम ने 2020-21 के किसान आंदोलन का नेतृत्व किया था। पंजाब के होशियारपुर में, किसानों ने जालंधर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई स्थानों पर अपने ट्रैक्टर खड़े किए।

उत्तर प्रदेश में ट्रैक्टर मार्च निकाला

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के आह्वान पर सोमवार को उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकाला जिससे राजमार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों पर यातायात बाधित हो गया।

First Published : February 26, 2024 | 10:56 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)