भारत

Heatwave: अगले 5 दिनों में और बढ़ेगी गर्मी, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए भी अगले पांच दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और मध्य प्रदेश के उत्तरी इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 22, 2024 | 10:29 AM IST

IMD weather forecast: मौसम विभाग (IMD) ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी का कहर जारी रहने का अनुमान है। दिन के समय अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम ही है।

टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक, सीनियर मौसम विभाग (IMD) वैज्ञानिक नरेश कुमार ने एक इंटरव्यू में कहा, “उत्तर पश्चिम भारत में तापमान फिलहाल सामान्य से अधिक है और हमने पिछले 2-3 दिनों में इस क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। राज्यवार पूर्वानुमान के संबंध में, हमने अगले पांच दिनों के लिए राजस्थान में रेड अलर्ट जारी किया है।

अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से और बढ़कर 47 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने की संभावना है।” कुमार ने यह भी बताया कि पंजाब और हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण अधिकतम तापमान में थोड़ी कमी देखी गई है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए भी अगले पांच दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और मध्य प्रदेश के उत्तरी इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, दूसरी तरफ दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु और केरल में अगले 2-3 दिनों में 12 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को खासकर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है, क्योंकि तेज गर्मी से शरीर में लू लगना, डिहाइड्रेशन, थकावट और हीट स्ट्रोक जैसी कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। एम्स, दिल्ली के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. नीरज निश्चल ने इस बात पर जोर दिया कि हीट वेव की स्थिति शरीर पर अत्यधिक दबाव डाल सकती है, जो जानलेवा भी हो सकती है।

गर्मी की लहर के प्रभाव को कम करने और स्वास्थ्य समस्याओं से बचने के लिए डॉक्टरों ने सलाह दी है कि जितना हो सके घर के अंदर ही रहें। अगर बहुत जरूरी हो तो बाहर निकलते वक्त पूरी सावधानी बरतें, खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच। साथ ही, प्यास न लगे तब भी नियमित रूप से पर्याप्त तरल पदार्थ पीते रहें और बाहर निकलते समय हल्के, हल्के रंग के, ढीले और सूती के कपड़े पहनें।

First Published : May 22, 2024 | 10:29 AM IST