दिवाली से पहले रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार, 3 अक्टूबर को हुई कैबिनेट बैठक में रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) का भुगतान करने का फैसला लिया गया। इस निर्णय से 11,72,240 रेलवे कर्मचारियों को ₹2028.57 करोड़ का बोनस मिलेगा।
इस बोनस का भुगतान दशहरा और दिवाली पूजा से पहले किया जाएगा, जिससे लगभग 12 लाख रेलवे कर्मचारियों को लाभ होगा।
सरकार के अनुसार, वर्ष 2023-2024 में भारतीय रेलवे का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। रेलवे ने रिकॉर्ड 1588 मिलियन टन माल ढुलाई की और लगभग 6.7 अरब यात्रियों को यात्रा करवाई।
रिलीज में कहा गया, “इस रिकॉर्ड प्रदर्शन के पीछे कई कारण हैं। इनमें रेलवे में सरकार द्वारा रिकॉर्ड कैपेक्स (Capex) के जरिए इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार, ऑपरेशंस में एफिशिएंसी और बेहतर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल शामिल है।”
सरकार ने 2,029 करोड़ रुपये का PLB किया मंजूर
सूचना प्रसरारण और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि कैबिनेट ने रेलवे कर्मचारियों के बेहतर प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए 2,029 करोड़ रुपये का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) मंजूर किया है। इस फैसले से करीब 11.72 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। सरकार के अनुसार, यह बोनस राशि रेलवे के विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों को दी जाएगी, जिसमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइज़र, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर्स, पॉइंट्समैन और मंत्रालयिक कर्मचारी शामिल हैं।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चेन्नई मेट्रो के फेज 2 प्रोजेक्ट को लेकर जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने इसके लिए 63,246 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। इस दूसरे चरण में 119 किलोमीटर लंबा नेटवर्क होगा, जो तीन कॉरिडोर में विभाजित होगा और इसमें कुल 120 स्टेशन होंगे। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को उनके घरों से पैदल दूरी पर मेट्रो सुविधा उपलब्ध हो सके, इसी उद्देश्य से 120 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। उन्होंने टोक्यो मेट्रो का उदाहरण देते हुए कहा, “जैसे वहां हर जगह से मेट्रो की पहुंच है, वैसे ही चेन्नई मेट्रो में भी यही मॉडल अपनाया जाएगा।”