भारत

PM Svanidhi Yojana: हरदीप सिंह पुरी ने कहा, इसने रेहड़ी-पटरी वालों का सम्मान बहाल किया है

60.94 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को 10,678 करोड़ रुपये के ऋण दिए गए

Published by
भाषा   
Last Updated- February 16, 2024 | 9:57 PM IST

केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि पीएम स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी वालों का सम्मान बहाल किया है।

उन्होंने कहा कि ये वर्ग अब केवल असंगठित ऋण माध्यमों पर निर्भर नहीं है, जहां उन्हें बहुत अधिक ब्याज देने के लिए मजबूर किया जाता था। इस योजना के तहत 60.94 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को 10,678 करोड़ रुपये के 80.42 लाख से अधिक ऋण दिए गए हैं।

इसके तहत पहली किस्त में 10,000 रुपये तक, दूसरी किस्त में 20,000 रुपये तक और तीसरी किस्त में 50,000 रुपये तक का कर्ज बिना कुछ बंधक रखे दिया जाता है।

केंद्रीय मंत्री ने यहां पीएम स्वनिधि मेगा कैंप में यह बात कही। पुरी ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना कोविड-19 महामारी के दौरान शुरू की गई थी, जब भारत के रेहड़ी-पटरी वाले सबसे बुरी तरह प्रभावित थे।

उन्होंने कहा, ”स्वनिधि योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी वालों के स्वरोजगार, स्वावलंबन और स्वाभिमान को बहाल करना था।” मंत्री ने कहा कि इससे न केवल रेहड़ी-पटरी वालों का वित्तीय समावेशन हुआ है, बल्कि उनका सम्मान भी बढ़ा है।

First Published : February 16, 2024 | 9:57 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)