सलमान खान के घर के बाहर 14 अप्रैल को हुई गोलीबारी मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में बंदूक सप्लाई करने का आरोपी अनुज थापन बुधवार को मुंबई पुलिस की हिरासत में ही मृत पाया गया। बताया जा रहा है कि थापन ने लॉकअप में आत्महत्या का प्रयास किया था। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि थापन ने हिरासत में रहते हुए आत्महत्या का प्रयास क्यों किया? साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उन्हें उचित सुरक्षा दी गई थी या नहीं।
अनुज थापन (32) पर आरोप था कि उन्होंने विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) नाम के दो लोगों को हथियार दिए थे, जिन्हें 15 अप्रैल को गुजरात से गिरफ्तार किया गया था। थापन को एक अन्य संदिग्ध सोनू सुभाष चंदर (37) के साथ 25 अप्रैल को पंजाब से गिरफ्तार किया गया था।
गौरतलब है कि 14 अप्रैल की सुबह सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी आवास के बाहर दो मोटरसाइकिल सवारों ने पांच गोलियां चलाई थीं। इनमें से एक गोली अभिनेता के घर की बालकनी से जा टकराई थी।
पुलिस का मानना है कि ये हमला “पूर्वनियोजित” था और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के द्वारा करवाया गया था। सीसीटीवी फुटेज में भी एक संदिग्ध को सलमान खान के घर की तरफ गोली चलाते हुए देखा गया था। जांच में पता चला है कि सभी आरोपियों को लॉरेंस बिश्नोई ने ही सलमान खान पर गोली चलाने के लिए सुपारी दी थी।
इस मामले में अब तक चार लोगों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाया गया है। इनमें गोली चलाने वाले विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) शामिल हैं, साथ ही सोनू कुमार चंद्र बिश्नोई (37) और अनुज थापन (32) पर भी मकोका लगा है जिन पर हथियार और गोलियां मुहैया कराने का आरोप है।