Categories: भारत

ड्रग्स तस्करी की सबसे बड़ी खेप का भंडाफोड़, गुजरात तट की नौसेना और NCB ने पकड़ा 3,300 किलो ड्रग

अधिकारियों का कहना है कि अब तक की किसी भी कार्रवाई में जब्त किये गये मादक पदार्थ की यह सबसे बड़ी खेप है।

Published by
भाषा   
Last Updated- February 28, 2024 | 2:46 PM IST

भारतीय नौसेना, गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने एक संयुक्त अभियान में गुजरात तट के पास अरब सागर में एक नौका से 3,300 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया और इस संबंध में पांच विदेशियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों का कहना है कि अब तक की किसी भी कार्रवाई में जब्त किये गये मादक पदार्थ की यह सबसे बड़ी खेप है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस संयुक्त कार्यवाई को ‘‘ऐतिहासिक सफलता’’ और देश को मादक पदार्थ मुक्त बनाने की दिशा में केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किये गये मादक पदार्थों में 3,089 किलोग्राम चरस, 158 किलोग्राम ‘मेथामेफटामाइन’ और 25 किलोग्राम ‘मॉर्फिन’ शामिल हैं।

नौसेना ने सोशल मीडिया मंच पर पोस्ट में कहा, ‘‘ किसी भी कार्रवाई में जब्त किए गये मादक की पदार्थ की यह अब तक की सबसे बड़ी खेप है। एनसीबी के साथ मिलकर भारतीय नौसेना के मिशन के तहत तैनात निगरानी तंत्र के सम्मलित प्रयासों से यह संभव हुआ।’’ दिल्ली में एनसीबी ने कहा कि एजेंसियों के संयुक्त दल ने ‘‘एक और अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया और देश में अब तक की सबसे अधिक विदेशी जब्ती (मात्रा के लिहाज से) की।’’

नौका से गिरफ्तार किए गए पांचों लोगों के या तो ईरानी या पाकिस्तानी नागरिक होने का संदेह है। एनसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उनके पास से नागरिकता का कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। अधिकारी ने प्रतिबंधित सामग्री की कीमत नहीं बताई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक किलो चरस की कीमत सात करोड़ रुपये है। गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि राज्य तट के पास समुद्र में अभियान के दौरान एक नौका से बड़ी मात्रा में चरस (हशीश) सहित कई तरह के मादक पदार्थ जब्त किये गये।

उन्होंने बताया कि एक पुख्ता सूचना के आधार पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के पास अरब सागर में अभियान चलाया गया। गृह मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मादक पदार्थ मुक्त भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप एजेंसियों ने मादक पदार्थ की बड़ी खेप को जब्त करने में सफलता प्राप्त की है।

First Published : February 28, 2024 | 1:54 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)