भारत

कहीं बारिश की संभावना तो कहीं पछुआ हवा करेगी परेशान, जानिए आज दिल्ली-NCR सहित पूरे हिंदी पट्टी के मौसम का हाल

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। बुधवार सुबह और गुरुवार रात को हल्की बारिश दर्ज की गई।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- January 24, 2025 | 6:56 AM IST

Weather Update: पिछले कुछ दिनों से हिंदी पट्टी का मौसम लगातार बदल रहा है। बीते दिनों उत्तरी भारत के कुछ इलाकों में हुई हल्की बारिश की वजह से ठंड दोबारा बढ़ने की संभावना थी। हालांकि, ठंड में बहुत अधिक बढ़ोतरी नहीं हुई और लोगों ने दोपहर में धूप का आनंद लिया। आइए जानते हैं कि आज कैसा रहेगा हिंदी पट्टी का मौसम-

दिल्ली-एनसीआर का क्या है हाल

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। बुधवार सुबह और गुरुवार रात को हल्की बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को भी बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन मौसम विभाग ने इस पर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। विभाग का कहना है कि 26 जनवरी तक दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा छाया रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट बारिश हो सकती है। इसके साथ ही, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है। हाल ही में हुई बारिश के कारण पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे की वापसी हो सकती है। वहीं, कड़ाके की ठंड की उम्मीद के बावजूद तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं देखी गई।

यूपी-बिहार का मौसम कैसा रहेगा

उत्तर प्रदेश में ठंड का असर अभी भी बरकरार है। हालांकि, दोपहर के समय खिली धूप लोगों को राहत दे रही है। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका है। बावजूद इसके, रात के समय ठंड का असर लोगों को परेशान कर रहा है।  मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश के 42 जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। नए पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद राज्य में कोहरे में बढ़ोतरी हो सकती है।  पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में आज रात तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 25 जनवरी को सुबह और रात के समय राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से घने कोहरे की संभावना है। 26 जनवरी को भी मौसम ऐसा ही बने रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 जनवरी से 29 जनवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। हालांकि, इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना बनी रहेगी।

अगर बात बिहार की करें तो बिहार में अगले दो दिनों तक ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने राज्य के 18 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पछुआ हवाओं के कारण ठंड और बढ़ने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन दो दिन बाद इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। 27 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए बिहार सरकार ने 10 जिलों में आठवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 25 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। इनमें पटना, गोपालगंज, मोतिहारी, सहरसा, छपरा, अररिया, मधेपुरा, सुपौल, कटिहार और मधुबनी शामिल हैं। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस और रविवार होने के कारण स्कूल अब 27 जनवरी से खुलेंगे।

पहाड़ों का मौसम कैसा रहेगा

बीते गुरुवार को हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों और अटल टनल के दोनों छोर पर हल्का हिमपात हुआ। वहीं, शिमला के रिज मैदान, संजौली, कुफरी और नारकंडा में भी बर्फ के फाहे गिरे। बादलों और हिमपात के कारण राज्य में अधिकतम तापमान में दो से छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।

ऊना में तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक, जबकि कांगड़ा और बिलासपुर में यह चार डिग्री ज्यादा रहा। राज्य में बारिश और हिमपात की कमी के चलते ग्लेशियरों पर जमा पुरानी बर्फ अभी से पिघलने लगी है।

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गुरुवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में धूप खिली रही, जिससे तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया।

कश्मीर घाटी में दो दिनों की राहत के बाद गुरुवार को फिर से न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया। गुलमर्ग, जहां न्यूनतम तापमान -7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, कश्मीर का सबसे ठंडा क्षेत्र बना रहा। वहीं, जम्मू में दिनभर तेज धूप खिली रही। दिन के समय धूप की वजह से गर्मी का अहसास हुआ, लेकिन सुबह और शाम को ठंड का असर कायम है।

अगर बात पूर्वोत्तर के राज्यों की करें तो मौसम विभाग ने असम और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश होने की संभावना जताई है। ऐसे में उत्तर भारत के साथ-साथ पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

First Published : January 24, 2025 | 6:48 AM IST