Categories: भारत

Jhansi Fire Tragedy: झांसी अग्निकांड ने ली 10 नवजात की जान; एक्शन में CM Yogi, 12 घंटे में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश

झांसी के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि रात करीब 10:45 बजे NICU में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- November 16, 2024 | 1:35 PM IST

Jhansi Hospital Fire Tragedy: उत्तर प्रदेश के झांसी के महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज (Maharani Laxmi Bai Medical College) में कल रात आग लगने से बड़ा हादसा हुआ। अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में रात करीब 10:45 बजे आग भड़क गई। जिला अधिकारी (DM) अविनाश कुमार ने इस हादसे में 10 नवजात बच्चों की मौत की पुष्टि की है।

इस हादसे में 16 अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जिला प्रशासन और मेडिकल टीम स्थिति को संभालने में जुटे हुए हैं।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

झांसी के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि रात करीब 10:45 बजे NICU में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। NICU के बाहरी हिस्से में मौजूद सभी बच्चों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि अंदर मौजूद बच्चों को निकालने में मुश्किलें हुईं। फिलहाल 10 बच्चों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

 

अंदर रखे जाते थे गंभीर मरीज

DM ने बताया कि NICU के बाहरी हिस्से में अपेक्षाकृत कम गंभीर हालत वाले बच्चों को रखा जाता है, जबकि अंदर के हिस्से में गंभीर हालत वाले बच्चों का इलाज किया जाता है। हादसे के वक्त NICU में 50 से अधिक बच्चे भर्ती थे।

मौके पर दमकल और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे

हादसे की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां और जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के बाद बच्चों को बाहर निकाला गया। झांसी की SSP सुधा सिंह ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 16 बच्चों का इलाज जारी है।

माता-पिता का दर्द

इस हादसे में महोबा जिले के एक दंपति ने अपने नवजात बच्चे को खो दिया। मां ने बताया कि उनका बच्चा 13 नवंबर को सुबह 8 बजे पैदा हुआ था और शुक्रवार रात आग में उसकी मौत हो गई।

मुख्यमंत्री ने दिए जांच और इलाज के आदेश

लखनऊ में जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया और जिला प्रशासन को घायल बच्चों का समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए। साथ ही इस घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

यह हादसा बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सरकारी और स्वास्थ्य विभाग को इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए प्रभावी कदम उठाने होंगे।

पीएम मोदी ने बच्चों की मौत पर दुख व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झांसी के मेडिकल कॉलेज में बच्चों के वार्ड में आग लगने से 10 शिशुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में पूरी तरह जुटा हुआ है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से लिखा, “झांसी के मेडिकल कॉलेज में आग लगने का हादसा बेहद हृदयविदारक है। इसमें जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे इस कठिन समय में उन्हें संबल प्रदान करें।”

हादसे के बाद प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास कर रहा है, और राज्य सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

First Published : November 16, 2024 | 9:52 AM IST