अंतरराष्ट्रीय

भारत-नाइजीरिया के बीच रक्षा, व्यापार और ऊर्जा सहयोग पर जोर, PM मोदी को मिला नाइजीरिया का दूसरा सर्वोच्च सम्मान

प्रधानमंत्री ने कहा, 'हम नाइजीरिया के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को उच्च प्राथमिकता देते हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी वार्ता के बाद हमारे संबंधों में एक नया अध्याय शुरू होगा।'

Published by
भाषा   
Last Updated- November 17, 2024 | 10:37 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू के साथ व्यापक वार्ता की, जिसमें रक्षा, व्यापार और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। वार्ता में दोनों नेताओं ने आतंकवाद, समुद्री डकैती और कट्टरपंथ से संयुक्त रूप से लड़ने तथा ‘ग्लोबल साउथ’ की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में काम करने की अपनी प्रतिबद्धता जताई।

प्रधानमंत्री मोदी को देश के दूसरे सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर’ से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, वह इस सम्मान को पाने वाले दूसरे विदेशी गणमान्य व्यक्ति बन गए।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, मोदी ने नाइजीरिया को कृषि, परिवहन, किफायती दवाओं, नवीकरणीय ऊर्जा और डिजिटल परिवर्तन के मामले में भारत के अनुभवों का लाभ उठाने की पेशकश की। वहीं, टिनुबू ने भारत द्वारा प्रस्तावित विकास सहयोग साझेदारी तथा स्थानीय क्षमता, कौशल और पेशेवर विशेषज्ञता के सृजन में इसके सार्थक प्रभाव की सराहना की।

मोदी रविवार सुबह अबुजा पहुंचे। यह 17 वर्षों के अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नाइजीरिया की पहली यात्रा है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में नाइजीरियाई राष्ट्रपति के साथ वार्ता को ‘बहुत सार्थक’ बताया और कहा कि उन्होंने रणनीतिक साझेदारी को गति देने के बारे में बात की।

उन्होंने कहा, ‘रक्षा, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, व्यापार, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत बनाने की अपार संभावनाएं हैं।’ वार्ता के बाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सीमा शुल्क में सहयोग और सर्वेक्षण सहयोग को लेकर तीन सहमति ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान अपने संबोधन की शुरुआत में मोदी ने आतंकवाद, अलगाववाद, समुद्री डकैती और मादक पदार्थों की तस्करी को प्रमुख चुनौतियां करार देते हुए कहा कि दोनों देश इनसे निपटने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हम नाइजीरिया के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को उच्च प्राथमिकता देते हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी वार्ता के बाद हमारे संबंधों में एक नया अध्याय शुरू होगा।’

मोदी ने लगभग 60,000 प्रवासी भारतीयों को भारत-नाइजीरिया संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ बताया तथा उनका कल्याण सुनिश्चित करने के लिए टिनुबू को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने यह घोषणा भी की कि भारत पिछले महीने बाढ़ से प्रभावित नाइजीरियाई लोगों के लिए 20 टन राहत सामग्री भेजेगा।

First Published : November 17, 2024 | 10:37 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)