श्रीलंका में पहुंचे सबसे ज्यादा भारतीय सैलानी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 6:27 PM IST

श्रीलंका में जारी आर्थिक एवं राजनीतिक संकट के बावजूद भारत के पर्यटकों ने गर्मियों की छुट्टियां मनाने के लिए वहां पहुंचने में कोई झिझक नहीं दिखाई है। मई में श्रीलंका पहुंचने वाले विदेशी पर्यटकों में भारत के लोग सबसे आगे रहे। श्रीलंका पर्यटन विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को बताया कि मई में भारत से कम-से- कम 5,562 पर्यटक श्रीलंका आए। इसके बाद ब्रिटेन के 3,723 पर्यटक पहुंचे। हालांकि वहां संकट गहराने से मई में विदेशी मेहमानों का कुल आगमन अप्रैल की तुलना में आधा रह गया। मई में आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की कुल संख्या 30,207 थी। अप्रैल की तुलना में मई में विदेशी पर्यटकों की संख्या 52 प्रतिशत कम हुई है जबकि मार्च की तुलना में यह गिरावट 72 प्रतिशत तक रही। अप्रैल में 11,500 आगंतुकों के साथ ब्रिटेन श्रीलंका में छुट्टी मनाने वालों की सूची में सबसे ऊपर था। उसके बाद भारत 8,678 आगंतुकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा था।
श्रीलंका के लिए विदेशी मुद्रा कमाने के प्रमुख स्रोत पर्यटन में आई इस गिरावट के लिए पिछले कुछ महीनों से जारी आर्थिक एवं राजनीतिक संकट को जिम्मेदार माना जा रहा है। इस बयान में भी यह आशंका जताई गई है। जरूरी सामान की खरीद के लिए भी विदेशी मदद की बाट देख रहे श्रीलंका में सरकार के खिलाफ अप्रैल की शुरुआत से ही सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। इस दौरान भड़के हिंसात्मक प्रदर्शनों में कुछ लोगों की मौत भी हो गई थी।    

First Published : June 8, 2022 | 12:40 AM IST