कंबोडिया में आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे राजनाथ सिंह

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 11:09 AM IST

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ASEAN रक्षा मंत्रियों की बैठक (ADMM)-Plus और भारत-आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए 22 से 23 नवंबर तक कंबोडिया की यात्रा करेंगे। 

रक्षा मंत्रालय ने यहां एक बयान में कहा कि सिंह कंबोडिया के उप प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय रक्षा मंत्री Samdech Pichey Sena TEA Banh के निमंत्रण पर दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जायेंगे। 

बयान में कहा गया है कि कंबोडिया ADMM-Plus के अध्यक्ष के रूप में कंबोडिया के Siem Reap में नौवीं वार्षिक बैठक की मेजबानी कर रहा है और सिंह 23 नवंबर को इसको संबोधित करेंगे। 

इसमें कहा गया कि वह कंबोडिया के प्रधानमंत्री से भी मुलाकात करेंगे। 

बयान में कहा गया है, ‘भारत-आसियान संबंधों के 30 साल पूरे होने के मौके पर भारत और कंबोडिया 22 नवंबर को राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में पहली भारत-आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। बैठक के दौरान भारत-आसियान साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहलों की घोषणा किये जाने की योजना है।’ 

बयान के अनुसार, भारत 1992 में आसियान का संवाद भागीदार बना और 12 अक्टूबर, 2010 को वियतनाम के हनोई में ADMM-Plus का उद्घाटन किया गया। वर्ष 2017 से ADMM-Plus मंत्रियों की सालाना बैठक आसियान और ‘प्लस’ देशों के बीच संवाद एवं सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए होती रही है। 

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ADMM-Plus बैठक और भारत-आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के अलावा रक्षा मंत्री भाग लेने वाले देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। 

मंत्रालय ने बताया कि वार्ता के दौरान, सिंह रक्षा सहयोग के मामलों और पारस्परिक रूप से संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। 

First Published : November 20, 2022 | 7:38 PM IST