देश में 10 हजार नए पोस्ट ऑफिस खुलेंगे, हर घर तक डाक सुविधा पहुंचाएगी सरकार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 4:18 PM IST

भारतीय डाक अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए इस वर्ष 10,000 और पोस्टऑफिस खोलेगा। विभाग सरकारी सेवाएं प्रदान करने के लिए परियोजनाओं और प्रौद्योगिकियों पर भी काम कर रहा है। ये बाते डाक विभाग के सचिव ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा। 

डाक विभाग के सचिव अमन शर्मा ने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीआईआई) के सम्मेलन में कहा कि सरकार ने प्रौद्योगिकी का उपयोग कर पोस्टऑफिसों के आधुनिकीकरण के लिए विभाग को 5,200 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमने हाल ही में गुजरात में ड्रोन के माध्यम से डिलिवरी की है। सरकार ने हमें आईटी परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए कहा है जिसे हमने 2012 में शुरू किया था। डाक और विभिन्न सरकारी सेवाएं जल्द ही घर के दरवाजे पर दी जाएंगी।’’ 

शर्मा ने कहा, ‘‘लोगों को पोस्टऑफिस आने के बजाय प्रौद्योगिकी की मदद से उनके दरवाजे पर सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।’’ सचिव ने कहा, ‘‘सरकार हमें अपनी पहुंच और बढ़ाने और अधिक पोस्टऑफिस खोलने के लिए कह रही है। हमें अभी-अभी 10,000 और पोस्टऑफिस खोलने की अनुमति मिली है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार चाहती है कि लोगों को उनके आवास के पांच किलोमीटर के दायरे में बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं उपलब्ध हों। इसलिए हम और पोस्टऑफिस स्थापित कर रहे हैं।’’ देश में नए 10,000 पोस्टऑफिस चालू वित्त वर्ष के दौरान खोले जाएंगे, जिससे भारत में पोस्टऑफिसों की कुल संख्या लगभग 1.7 लाख हो जाएगी।

First Published : August 25, 2022 | 5:12 PM IST