10 साल पुराना हो गया आधार कार्ड? जल्दी से करें ये काम नहीं तो होगी मुश्किल!

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:48 PM IST

Aadhaar Card update: आज के समय में आधार कार्ड सबसे जरूरी दस्तावेज बन गया है। बैंक में खाता खुलवाने से लेकर सिम कार्ड खरीदने तक सभी जगह आधार कार्ड दिखाना पड़ता है। इतना ही नहीं लगभग सभी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी आधार कार्ड की आवश्यकता होती है। ऐसे में भारतीय विशिष्‍ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार के संबंध में एक जरूरी सलाह दी है। UIDAI की सलाह नहीं मानने पर आपको भारी नुकसान हो सकता है। 
10 साल पुराने आधार को कराएं अपडेट 

एक प्रेस रिलीज में UIDAI ने सलाह दी है कि ऐसे व्यक्ति जिन्होंने 10 साल पहले आधार कार्ड बनवाया था और इसके बाद उसमें कभी कोई अपडेट नहीं कराया हैं, उन्हें अपना आधार कार्ड अपडेट करा लेना चाहिए। UIDAI ने अपने एक बयान में कहा, ‘विगत दस (10) वर्षों के दौरान, आधार नंबर व्यक्ति की पहचान के प्रमाण के रूप में उभरा है। आधार नंबर का उपयोग विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने के लिए किया जा रहा है। इन योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने के लिए, सर्वसाधारण को व्यक्तिगत नवीनतम विवरण से आधार डाटा को अपडेट रखना है ताकि आधार प्रमाणीकरण / सत्यापन में असुविधा न हो।’
ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों मोड में होगा आधार अपडेट 

UIDAI ने बताया कि आप ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों मोड में आधार अपडेट करा सकते है। आधार अपडेट करने की सुविधा निर्धारित शुल्क के साथ उपलब्ध है। ऑनलाइन आधार अपडेट करने के लिए आप My Aadhaar Portal (https://myaadhaar.uidai.gov.in/) पर जा सकते हैं। UIDAI ने आगे बताया कि आप नजदीकी आधार केंद्र पर जाकर भी आधार अपडेट करा सकते हैं। हालांकि UIDAI ने इसे अनिवार्य नहीं किया है। 

First Published : October 12, 2022 | 3:10 PM IST