भारत जोड़ो यात्रा को गुजरात से आरंभ करना चाहिए था : प्रशांत किशोर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 3:21 PM IST

पूर्व चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को गुजरात या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित किसी अन्य राज्य से शुरू किया जाना चाहिए था। 
 किशोर ने अलग विदर्भ राज्य की मांग कर रहे स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में मुलाकात की। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में पूछे जाने पर किशोर ने कहा, ‘बेहतर होता यदि कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत, इस साल के अंत में होने जा रहे विधानसभा चुनाव वाले राज्य गुजरात से या उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों से की होती।’ 

 कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में यात्रा की शुरूआत तमिलनाडु से हुई है। उल्लेखनीय है कि इस साल की शुरूआत में यह चर्चा जोरों पर थी कि किशोर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं, लेकिन बाद में उन्होंने कहा था कि उन्होंने पार्टी की चुनाव रणनीति तैयार करने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। 

अलग विदर्भ राज्य के समर्थकों से बातचीत करते हुए उन्होंने अलग राज्य के सपने को साकार करने के लिए लोगों से एकजुट होकर कोशिश करने की अपील की। भाजपा के पूर्व विधायक आशीष देशमुख ने महाराष्ट्र के पूर्वी क्षेत्र को एक अलग राज्य बनाये जाने के लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति तैयार करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया था। 

किशोर ने कहा, ‘यदि लोग चाहते हैं तो अलग विदर्भ राज्य के विचार को आगे बढ़ाया जा सकता है। आंदोलन केंद्र तक पहुंचना चाहिए। इसका राष्ट्रीय असर होना चाहिए।’ उन्होंने कहा कि वह चुनाव रणनीतिकार के तौर पर काम करना बंद कर चुके हैं और वह लोगों के लिए काम करना चाहते हैं, ना कि किसी पार्टी के लिए। 

First Published : September 20, 2022 | 8:23 PM IST