हॉलीवुड के बड़े मियां भी होंगे छोटे मियां के दोस्त!

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 6:40 AM IST

बॉलीवुड के शहंशाह के खास दोस्त और दुनिया के छठे सबसे अमीर शख्स अरबपति उद्योगपति अनिल अंबानी अब हॉलीवुड के शहंशाह से भी दोस्ताना गांठने चल पड़े हैं।


हालांकि इसके पीछे उनका मकसद वहां अपना कारोबारी दबदबा कायम करने का है। इसी योजना के तहत अंबानी की कंपनी रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट स्टीवन स्पीलबर्ग के नेतृत्व वाले ड्रीमवर्क्स मूवी स्टूडियोज के साथ संयुक्त उद्यम बनाने के संबंध में बातचीत कर रही है।

वॉल स्ट्रीट जर्नल में छपी एक खबर के मुताबिक, अगर बातचीत सफल होती है, तो इससे स्पीलबर्ग को भी फंड का महत्वपूर्ण स्रोत तो मिलेगा ही, वहीं स्पीलबर्ग के ड्रीम वर्क्स से जुड़े फिल्मकारों को भी मदद मिलेगी। स्पीलबर्ग वायाकाम इंक. की पैरामाउंट पिक्चर्स से नाता तोड़ रहे हैं। वायाकाम ने 2005 में ड्रीमवर्क्स से करार किया था लेकिन ड्रीमवर्क्स और पैरामाउंट के बीच तनाव होने के बाद स्पीलबर्ग ने संकेत दिया था कि वे इस साल ड्रीमवर्क्स के ब्रांड नाम के साथ इस समूह से अलग हो जाएंगे।

अंबानी-स्पीलबर्ग की शुरुआती बातचीत इसी पहल का हिस्सा है। सूत्रों के मुताबिक, अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट स्टूडियो निर्माण में 2500 करोड़ रुपये (600 मिलियन डॉलर) से ज्यादा की रकम लगाएगी, जबकि करीब 500 मिलियन डॉलर बाजार से जुटाए जाएंगे।

रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त उद्यम हर साल छह फिल्मों का निर्माण करेगा। हालांकि इस बारे में रिलायंस और वायकॉम की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है, जबकि ड्रीमवर्क्स के प्रवक्ता से संपर्क नहीं हो पाया।

कौन हैं स्पीलबर्ग

61 साल के स्टीवन स्पीलबर्ग अमेरिकी फिल्म निर्माता-निर्देशक और पटकथा लेखक हैं। तीन बार एकेडमी अवॉर्ड जीत चुके स्पीलबर्ग फिल्मों से माल पीटने के लिहाज से दुनियाभर में शीर्ष पर हैं। फोर्ब्स के अनुसार, उनकी संपत्ति तीन अरब डॉलर से ज्यादा की है। हॉलीवुड की सबसे ताकतवर शख्सियत के रूप में स्पीलबर्ग को जाना जाता है।

कैसे बने शहंशाह

40 साल के अपने फिल्मी करियर में वैसे तो वे ढेरों फिल्मों से जुड़े रहे हैं लेकिन जॉस, ईटी-द एक्सट्रा टेरेस्ट्रियल और जुरासिक पार्क से उन्हें जितनी रकम और ख्याति मिली, किसी और से नहीं।

विज्ञान फैंटासी और एडवेंचर पर फिल्में बनाने के शौकीन स्पीलबर्ग हाल ही में ऐतिहासिक विषयों पर होलोकॉस्ट, स्लेवरी वॉर और टेरेरिज्म जैसी फिल्में भी बना चुके हैं।

First Published : June 19, 2008 | 12:20 AM IST