छोटों के लिए आई बड़ी मुसीबत

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 5:02 AM IST

प्रदेश में टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग गुड्स, दवाइयां और वाहनों के कल-पुर्जे बनाने वाले कई उद्योगों की लागत पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से और बढ़ गई है।


इसकी वजह से ज्यादातर छोटी इकाइयां बंद होने के कगार पर पहुंच गई हैं। इंदौर के समीप पीथमपुरा इंडस्ट्रीयल एरिया और भोपाल के पास स्थित मंडीदीप और गोविंदपुरा इंडस्ट्रीयल एरिया में लगी इकाइयों के मुनाफे में इस साल भारी कमी आई है।

प्रदेश की लगभग सभी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन का कहना है कि उनकी इकाइयों से पोर्ट की दूरी काफी ज्यादा है, ऐसे में अन्य राज्यों की तुलना में यहां परिवहन खर्च बहुत ज्यादा आता है।

समस्या है विकट : पीथमपुरा औद्योगिक संगठन के अध्यक्ष गौतम कोठारी ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि यहां से करीब 800 करोड़ रुपये के यार्न, फैब्रिक और रेडिमेंट गारमेंट का निर्यात किया जाता है। जिसे मुंबई या गुजरात के पोर्ट से विदेश भेजा जाता है। ऐसे में परिवहन पर काफी खर्च हो जाता है और 1 जून से तो खर्च में 10 से 12 फीसदी की बढ़ोतरी हो गई है।

कच्चा माल भी हुआ महंगा : मंडीदीप इंडस्ट्रीयल एरिया देश के कुल निर्यात में 2000 करोड़ रुपये का योगदान करता है। यहां से इंजीनियरिंग गुड्स, टेक्सटाइल, दवाइयां और टायर का निर्यात किया जाता है। लेकिन रबर और अन्य कच्चे माल की कीमतें बढ़ने से लागत में करीब 16 फीसदी का उछाल आया है, जबकि परिवहन लागत भी 10 फीसदी बढ़ गई है। लेबर कॉस्ट में भी इजाफा हुआ है, जिससे छोटे और मझोले उद्योगों का मुनाफा काफी घट गया है।

मंडीदीप इंडस्ट्रियल एरिया के अध्यक्ष डी. के. जैन का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का भार भी उन्हें वहन करना पड़ रहा है। कच्चे माल- तांबा और एल्युमिनियम की कीमतों में तेजी से बिजली उपकरण बनाने वाली कंपनियों को नुकसान हो रहा है।

उद्योगों की बढ़ी लागत : दवा व इंजीनियरिंग गूड्स बनाने वाली कंपनियों की लागत भी कच्चे माल कीमतों में इजाफे की वजह से बढ़ गई है। ऐसे में पुराने ऑर्डर को पूरा करने में उनके पसीने छूट रहे हैं। दौलतराम इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक सी. पी. शर्मा ने बताया कि लागत काफी बढ़ गई है। अन्य कच्चे माल के साथ-साथ कीमत बढ़ने से प्रदेश के दवा उद्योग भी परेशान हैं। दवाइयों की कीमतों में 10 से 20 फीसदी का उछाल आया है।

First Published : June 12, 2008 | 12:29 AM IST