सूरत में बमों से आतंक

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 2:03 PM IST

बेंगलुरू और अहमदाबाद में विस्फोटों के बाद पूरे देश में भय का माहौल है। वहीं आतंकी औद्योगिक शहरों को निशाना बनाने का प्रयास कर रहे हैं।


मंगलवार को हीरा तराशी के लिए मशहूर शहर सूरत के वारचा रोड पर चंद घंटों के भीतर एक के बाद एक 21 बम मिले, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। उल्लेखनीय है कि वारचा रोड पर ही हीरों की ज्यादातर इकाइयां स्थित हैं।

पुलिस ने कहा कि वारचा रोड के मिनी डायमंड मार्केट में बम निरोधक दस्ते ने तीन बम निष्क्रिय करने के तुरंत बाद इसी क्षेत्र में तीन अन्य बमों को भी सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद पुलिस को चार और बम रखे होने की खबर मिली, जिनमें से एक विस्फोटक नहीं था। तीन बम वारचा कपोद्रा फ्लाईओवर के नीचे मिले, जिन्हें बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया।

शहर के पुलिस आयुक्त आरएमएस बरार ने कहा कि इस समय हम बमों की संख्या की पुष्टि नहीं कर सकते। लेकिन कई बम मिलने के बाद पुलिस ने शहर में हाई अलर्ट की घोषणा कर दी है और लोगों से सचेत रहने को कहा गया है। सूरत डायमंड एसोसिएशन के अध्यक्ष सीपी वनानी ने कहा कि वारचा रोड क्षेत्र से बम मिलने से कारोबारियों में भय का माहौल है, वहीं व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।

बम निरोधक दस्ते ने सोमवार को भी एक बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया था, जो वारचा रोड के रिहायशी इलाके से मिला था। उधर, पुलिस ने उस संदिग्ध व्यक्ति का स्केच भी जारी कर दिया है, जिसने रविवार को हीरा बाग क्षेत्र में विस्फोटकों से लदी कार खड़ी की थी। स्केच एक इमारत के वाचमैन द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।

First Published : July 30, 2008 | 12:06 AM IST