कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ फिर पहुंची कर्नाटक

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:26 PM IST

 कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आंध्र प्रदेश का चरण शुक्रवार को संपन्न हो गया और यहां से वह एक बार फिर पड़ोसी राज्य कर्नाटक पहुंचे।

मंत्रालयम में रातभर रुकने के बाद राहुल गांधी ने शुक्रवार सुबह एक बार फिर पदयात्रा शुरू की। गांधी ने बृहस्पतिवार रात को मंत्रालयम स्थित गुरु राघवेंद्र स्वामी मठ जाकर विशेष पूजा भी की थी।

उन्होंने सुबह रायचूर से कर्नाटक की सीमा में प्रवेश किया। आंध्र प्रदेश में यात्रा दो चरणों में अनंतपुरमू जिले और कुरनूल जिलों से होकर गुजरी।

पहले चरण में 14 अक्टूबर को केवल कुछ घंटों के लिए और दूसरी बार 18 अक्टूबर से चार दिन के लिए पदयात्रा की गई। इस दौरान कांग्रेस नेता से मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम नजर आया। राहुल गांधी ने यात्रा को आंध्र प्रदेश में मिली ‘‘जबरदस्त प्रतिक्रिया’’ पर कहा कि उनकी पार्टी के नेता भी ‘‘इस उत्साह व प्रतिक्रिया से काफी हैरान हैं।’’

उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को राज्य में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए ‘‘एक बेहद अच्छी शुरुआत’’ बताया। आंध्र प्रदेश से अलग होकर तेलंगाना राज्य के गठन के बाद कांग्रेस आंध्र प्रदेश में अपना आधार खो चुकी है।

अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने पाया कि आंध्र प्रदेश में किसानों, मजदूरों और गरीब लोगों को कई पेरशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि वे इस वर्ग के लिए काम करेंगे क्योंकि इस वर्ग ने कांग्रेस को खड़ा करने में काफी अहम भूमिका निभाई है।

First Published : October 21, 2022 | 10:40 AM IST