भारत-पाक के रिश्तों में मिठास घोलेगी दिल्ली मेट्रो

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 3:46 PM IST

भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में मेट्रो के जरिये और मिठास घोलने की कवायद की जा रही है।


दरअसल, भारत सरकार ने कराची में प्रस्तावित मेट्रो रेल परियोजना के लिए सलाहकार बनने पर सकारात्मक संकेत दिए हैं। सलाहकार संस्था के तौर पर इसके लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) को चुना गया है, जो कराची मेट्रो रेल परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।

हालांकि यह मसला अभी विदेश मंत्रालय के पाले में फंसा हुआ है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि अगले तीन से चार महीनों में इसको हरी झंडी मिल जाएगी। बिजनेस स्टैंडर्ड के साथ खास बातचीत में डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक ई. श्रीधरन ने बताया, ‘कराची मेट्रो रेल परियोजना के लिए पाकिस्तान सरकार ने हमें सलाहकार बनाने का प्रस्ताव रखा है, लेकिन मामला अभी विदेश मंत्रालय में विचाराधीन है।

इस प्रोजेक्ट से पाकिस्तानी लोगों को सुविधा मिलेगी। इसलिए हमें इसे व्यावसायिक फायदों से परे देखना चाहिए। अगर इस मसले पर सहमति बनती है, तो दोनों देशों के रिश्तों में और मिठास आएगी।’ वैसे, यह अनुबंध डीएमआरसी के लिए भी फायदेमंद साबित होने वाला है।

अनुमान लगाया जा रहा है कि एक किलोमीटर मेट्रो रेल लाइन के लिए डीएमआरसी को तकरीबन 20 लाख रुपये बतौर कंसल्टेंसी फीस के रूप में पाकिस्तान सरकार चुकाएगी। तकनीकी और वित्तीय मामलों के अलावा, कंसल्टेंसी रिपोर्ट में किराए की दर समेत कई अन्य बातें भी शामिल होंगी। इस तरह दिल्ली मेट्रो को अपनी बेहतर कार्यशैली का इनाम मिलता हुआ दिख रहा है और इसके लिए आमदनी के दूसरे जरिये भी बन रहे हैं।

गौरतलब है कि दिल्ली मेट्रो रेल परियोजना की सफलता  के बाद डीएमआरसी के लिए न केवल भारत, बल्कि विदेश में भी मेट्रो परियोजनाओं के सलाहकार के काफी अवसर सामने आए हैं। डीएमआरसी ने हाल ही में जकार्ता मेट्रो प्रोजेक्ट की कंसलटेंसी रिपोर्ट तैयार की है।

इसके अलावा, डीएमआरसी को श्रीलंका, सीरिया, आयरलैंड और वियतनाम समेत कई अन्य देशों से इस तरह के ऑफर आए हैं। सीरिया की सरकार तो दिल्ली मेट्रो से इतनी प्रभावित है कि उसने अपनी दमिश्क मेट्रो रेल प्रोजेक्ट को बनाने और परिचालन के लिए भी डीएमआरसी से संपर्क किया है। विदेशों की बात छोड़े, तो डीएमआरसी को देश में भी कम प्रस्ताव नहीं मिल रहे हैं।

केरल सरकार ने कोचीन मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए हाल ही में डीएमआसी से बात की है, यह मामला भी सरकार के पास विचाराधीन है। फिलहाल, डीएमआरसी हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, पुणे और कई दूसरे शहरों में प्रस्तावित मेट्रो परियोजनाओं में सलाहकार की भूमिका निभा रही है।

कराची मेट्रो रेल परियोजना की सलाहकार बनेगी डीएमआरसी
इस मसले पर विदेश मंत्रालय से हरी झंडी मिलने का है इंतजार
सलाह शुल्क के तौर पर दिल्ली मेट्रो को मिलेगी भारी रकम

First Published : August 8, 2008 | 12:02 AM IST